‘दुनिया को गुमराह करने की खोखली चाल…’, आतंकी मसूद अजहर पर पाकिस्तान का ढोंग, भारत ने खोला कच्चा चिट्ठा
आतंकी मसूद अजहर पर पाकिस्तान के कदम को भारत ने दुनिया की आंखों में धूल झोंकने वाला बताया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाक को खरी-खरी सुनाई है.
Follow Us:
FATF की बैठक से पहले आतंकी मसूद अजहर पर पाकिस्तान के ढोंग को भारत ने बेनकाब किया है. भारत ने पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए इसे दुनिया की आंखों में धूल झोंकने की साजिश बताया है. पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी यानी एफआईए ने अपनी नई ‘रेड बुक’ में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को भगोड़ा घोषित करते हुए उस पर 70 लाख का इनाम रखा है.
पाकिस्तान के इस कदम को इसलिए दिखावा माना जा रहा है क्योंकि उसने यह अक्टूबर में होने वाली वित्तीय कार्रवाई कार्यबल यानी FATF की बैठक से पहले किया है. इसको लेकर भारत ने दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब किया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाक को खरी-खरी सुनाई है.
दुनिया की आंखों में धूल झोंकने की साजिश
MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साफ कहा कि यह दुनिया की आंखों में धूल झोंकने की साजिश भर है. पाकिस्तान खुद आतंकवाद को सरकारी तौर पर पालने वाला देश है. ऐसे में सिर्फ कागजी घोषणाएं करने से कुछ हासिल नहीं होने वाला है. MEA प्रवक्ता ने कहा,
‘पाकिस्तान की ओर से लोगों को गुमराह करने की ऐसी चालें कोई नई बात नहीं हैं. हमने पहले भी ऐसी चालें देखी हैं. आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश का ऐसे दिखावटी ऐलान करना, हम सब जानते हैं कि ये कितने खोखले होते हैं. पाकिस्तान को ऐसे ऐलान करने के बजाय ठोस कदम उठाने चाहिए जिनका असल में कोई नतीजा निकले.’
भारत ने पाकिस्तान को फिर आईना दिखाते हुए यह गलतफहमी दूर की है कि कोई उसकी साजिश को नहीं समझता. भारत ने सीधी मांग की है कि अगर पाकिस्तान अपनी भलाई चाहता है तो वह आतंक पर सच में एक्शन ले.
#WATCH | Delhi | On Pakistan announcing a reward of PKR 70 lakh on Jaish-e-Mohammed (JeM) chief Masood Azhar, MEA Official Spokesperson Randhir Jaiswal says, "Such gimmicks and attempts at hoodwinking people by Pakistan are nothing new. We have seen similar gimmicks in the past… pic.twitter.com/DgmYcYaPk1
— ANI (@ANI) September 15, 2026
विदेश मंत्रालय ने इन मुद्दों पर भी साफ किया भारत का रुख
नई दिल्ली में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान MEA ने लाल सागर में ओमान के तट पर भारतीयों से भरे जहाज पर हमले को लेकर भी भारत सरकार का रुख साफ किया. रणधीर जायसवाल ने कहा, लापता भारतीय नाविक की तलाश और बचाव अभियान जारी है.
MEA ने बताया, यह पनामा के झंडे वाला जहाज था जिस पर 14 भारतीय नागरिक या नाविक सवार थे. इनमें से 13 को बचा लिया गया है जबकि एक भारतीय नागरिक लापता है. वह नाविक जहाज पर ही था. ओमान के अधिकारियों की मदद से खोज और बचाव अभियान जारी है.’
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान ने अपने 'पालतू' आतंकी मसूद अजहर पर रखा 70 लाख का इनाम, रेड बुक में डाला, दुनिया को गुमराह करने की साजिश
यह भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और चल रहे अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से तालमेल बिठा रहा है.