Advertisement
बड़ी खुशखबरी! एक नहीं, LPG के दो विशाल जहाज आ रहे हैं भारत, होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित किया पार
LPG Shipment: भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए LPG से लदे दो विशाल जहाजों ने सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया है.
Advertisement
केंद्र सरकार ने गुरुवार को बताया कि भारत आने वाले दो एलपीजी जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं और अगले कुछ दिनों में भारत पहुंचने की उम्मीद है. सरकार ने अपने दैनिक ब्रीफिंग में बताया कि मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाला एसवाईएमआई (SYMI) नामक एलपीजी कैरियर जहाज भारत के लिए 19,965 मीट्रिक टन एलपीजी कार्गो लेकर आ रहा है. इस जहाज पर 21 विदेशी चालक दल सदस्य मौजूद हैं. यह जहाज 13 मई को सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है और 16 मई को कांडला पहुंचने की उम्मीद है.
46,427 टन LPG लेकर भारत आ रहा है वियतनामी जहाज
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एलपीजी वाहक और वियतनाम-ध्वज वाला दूसरा जहाज एनवी सनशाइन 46,427 मीट्रिक टन एलपीजी कार्गो लेकर भारत आ रहा है. इस जहाज पर 24 विदेशी चालक दल सदस्य सवार हैं. यह जहाज 14 मई 2026 को सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है और 18 मई को न्यू मैंगलोर पहुंचने की संभावना है.
Advertisement
ओमान के पास डूबा एक भारतीय जहाज
Advertisement
इस बीच, एक भारतीय ढाऊ जहाज 'एमएसवी हाजी अली' सोमालिया से यूएई के शारजाह की यात्रा के दौरान 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया. जहाज में आग लग गई, जिसके बाद वह डूब गया.
चालक दल के सभी 14 सदस्य सुरक्षित
Advertisement
मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर मौजूद सभी 14 चालक दल सदस्यों को ओमानी तट रक्षक ने सुरक्षित बचा लिया. सभी लोग ओमान के डिब्बा पोर्ट पहुंच चुके हैं. चालक दल पूरी तरह सुरक्षित है और स्थानीय अधिकारियों के साथ जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं. सरकार ने कहा कि भारत सरकार, ओमान की सरकार, भारतीय मिशन अधिकारियों और संबंधित समुद्री एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है.
72 घंटों में कोई नई अप्रिय घटना नहीं
मंत्रालय के अनुसार, पिछले 72 घंटों में एमएसवी हाजी अली की घटना को छोड़कर भारतीय जहाजों या भारतीय नाविकों वाले विदेशी जहाजों से जुड़ी कोई अन्य घटना सामने नहीं आई है. मंत्रालय ने कहा, "क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक फिलहाल सुरक्षित हैं”. इसके अलावा, नौवहन महानिदेशालय (डीजी शिपिंग) के कंट्रोल रूम ने सक्रिय होने के बाद से अब तक 9,266 कॉल और 20,592 से अधिक ईमेल संभाले हैं. पिछले 72 घंटों में 377 कॉल और 834 ईमेल प्राप्त हुए हैं.
Advertisement
सभी भारतीय बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य
यह भी पढ़ें
मंत्रालय ने बताया कि डीजी शिपिंग के माध्यम से अब तक खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से 3,158 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी कराई जा चुकी है. इनमें पिछले 72 घंटों में वापस लाए गए 62 नाविक भी शामिल हैं. सरकार ने यह भी कहा कि भारत के सभी बंदरगाहों पर संचालन सामान्य है और कहीं भी भीड़भाड़ या रुकावट की कोई सूचना नहीं है.