Advertisement
गब्बर की दूसरी पारी शुरू- आयरिश मूल की सोफी शाइन से की शादी, गुरूग्राम के रजिस्ट्रार ऑफिस में विवाह को दिया कानूनी रूप
Shikar Dhawan & Sophie Shine: क्रिकेटर शिखर धवन ने आयरिश मूल की सोफी शाइन के साथ गुरुग्राम में अपनी शादी का पंजीकरण कराकर जिंदगी की दूसरी पारी की शुरुआत की.
Advertisement
जाने माने दिग्गज क्रिकेटर शिखर धवन बुधवार को अपनी शादी को पंजीकृत कराने के लिए रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे. इस दौरान उन्होंने सोफी शाइन के साथ अपनी शादी को कानूनी रूप देने के लिए कुछ महत्वपूर्ण कागजातों पर दस्तखत किए. इस अवसर पर उनके परिवार के कई लोग वहां मौजूद रहे. इसके अलावा, जैसे ही शिखर धवन उर्फ ‘गब्बर’ के रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचने की खबर लोगों तक पहुंची, वहां उन्हें देखने के लिए उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई.
फरवरी में रचाई थी ‘गब्बर’ ने अपनी दूसरी शादी
गौरतलब हो कि शिखर धवन ने सोफी शाइन के साथ सगाई इसी साल 12 जनवरी को की थी और 21 फरवरी को दोनों शादी के बंधन में बंध गए थे. सोफी शाइन मूल रूप से आयरिश हैं और गब्बर के साथ उनकी जोड़ी लगातार चर्चाओं में रही है.
Advertisement
कौन हैं सोफी शाइन?
Advertisement
शिखर धवन की गर्लफ्रेंड (Shikar Dhawan GF Sophie Shine) से अब पत्नी बनी सोफी शाइन मूल रूप से आयरलैंड की रहने वाली हैं और कॉर्पोरेट जगत का एक बड़ा नाम हैं. उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है और वर्तमान में वह अबू धाबी स्थित नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन में 'सेकंड वाइस प्रेसिडेंट' के पद पर कार्यरत हैं.
कहां हुई थी दोनों की मुलाकात?
Advertisement
अपनी प्रेम कहानी के बारे में बात करते हुए शिखर धवन ने एक प्रोमोशनल वीडियो में बताया था कि उनकी और सोफी की पहली मुलाकात दुबई के एक रेस्टोरेंट में हुई थी. शिखर ने बताया था, उस समय सोफी ने कैमोफ्लेज ट्राउजर और जैकेट पहनी थी जिसमें वह बेहद सुंदर दिख रही थीं. वहीं सोफी ने बताया कि उन्हें शिखर की आंखें और उनका व्यक्तित्व पहली नजर में ही भा गया था.
कब हुई थी धवन की पिछली शादी
यह भी पढ़ें
बता दें कि शिखर धवन की पहली शादी साल 2012 में आयशा मुखर्जी से हुई थी. उनके इस रिश्ते से साल 2014 में एक बेटा जोरावर का जन्म हुआ. वहीं, साल 2020 के बाद से ही दोनों के वैवाहिक जीवन में खटपट की खबरें आने लगी थीं, जिसके बाद साल 2023 में अदालत ने उनके तलाक को आधिकारिक मंजूरी दे दी थी. अब शिखर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत सोफी शाइन के साथ कर चुके हैं.