×
जिस पर देशकरता है भरोसा

‘ऐसी कार्रवाई हो जो नजीर बने’ होली पर माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं, CM योगी की सख्त चेतावनी

होली से पहले CM योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ हाईलेवल मीटिंग की. जिसमें उन्होंने होली, रमजान, ईद सहित आगामी पर्वों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.

Author
01 Mar 2026
( Updated: 01 Mar 2026
10:35 AM )
‘ऐसी कार्रवाई हो जो नजीर बने’ होली पर माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं, CM योगी की सख्त चेतावनी
Advertisement

होली, रमजान और ईद उल फितुर में सौहार्द बिगाड़ने वालों के साथ UP पुलिस सख्ती से पेश आएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ संदेश दिया कि रंग में भंग डालने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि होली, रमजान, ईद सहित आगामी पर्वों के दौरान शरारतन माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाए, जो नजीर बने. उन्होंने कहा है कि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की एक भी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसी हर कोशिश पर सख्ती से कार्रवाई होगी. 

CM योगी ने बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश 

CM योगी ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें. सभी पर्व-त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएं. CM योगी ने होली, रमजान, नवरोज, ईद समेत सभी आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा बैठक की. इस हाईलेवल बैठक में CM योगी तैयारियों की समीक्षा करते हुए फील्ड अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए. बैठक में आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और जन-शिकायत निस्तारण की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई. 

Advertisement

CM योगी ने कहा, आगामी दिनों में होली के साथ नवरोज, ईद और बासंतिक नवरात्र का पर्व है और बोर्ड परीक्षाएं भी हो रही हैं.  यह अवधि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए बीते पांच साल में घटनाओं की समीक्षा कर उनसे सीख लेते हुए प्रभावी प्रबंध किए जाएं. CM योगी ने कहा, दो टूक कहा कि अगर प्रदेश में कहीं भी समाज में विद्वेष फैलाने वाली घटनाएं घटित होती हैं तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी. पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और शोभायात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए, साथ ही साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. 

अभद्र गाने बजाने वालों पर एक्शन 

CM योगी ने निर्देश दिए कि होलिका दहन समितियों और पीस कमेटियों की बैठकें की जाएं, ताकि पर्वों के दौरान आपसी समन्वय और सौहार्द बना रहे. होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर ही हो. उन्होंने निर्देश दिए कि होली के अवसर पर कहीं भी अभद्र गीत-संगीत नहीं बजना चाहिए और किसी के उत्साह में ऐसा कोई कृत्य न हो जिससे किसी वर्ग, समुदाय या व्यक्ति को नीचा दिखाने या परेशान करने की स्थिति उत्पन्न हो. CM योगी ने कहा कि पर्व उल्लास और भाईचारे का प्रतीक होते हैं, न कि किसी को आहत करने का माध्यम. 

CM योगी ने निर्देश दिए कि कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकरों को हटाया जाए. उन्होंने कहा कि अब भी कई धर्मस्थलों पर ऐसे लाउडस्पीकर लगे हुए हैं, जिन्हें संवाद और समन्वय के माध्यम से हटाया जाना चाहिए ताकि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण हो सके. CM योगी ने लोकल इंटेलिजेंस को और ज्यादा मजबूत करने और सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया. उन्होंने निर्देश दिए कि फेक अकाउंट्स की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सूचना का स्थानीय प्रशासन की ओर से तुरंत और प्रभावी खंडन किया जाए, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो. 

होली के अवसर पर लोगों के आवागमन में वृद्धि को देखते हुए CM योगी ने परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें संचालित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि केवल फिटनेस मानकों पर खरी उतरने वाली बसों को ही संचालन में लगाया जाए और निजी ऑपरेटरों की ओर से मनमाना किराया वसूले जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. परिवहन निगम के अधिकारियों को फील्ड में उतरकर आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बसें सड़क किनारे न खड़ी हों, अपनी तय जगह पर ही रहें. 

Advertisement

24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश 

CM योगी ने ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए कि मार्च महीने में पर्व-त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और रोस्टरिंग न की जाए. साथ ही पेयजल की उपलब्धता, ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं बनाए रखने और निराश्रित गोवंश संरक्षण की व्यवस्था को और ज्यादा प्रभावी करने के निर्देश भी दिए गए. उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश में कहीं भी जहरीली और अवैध मदिरा न तो बने न ही बिके. 

यह भी पढ़ें- ब्रज की होली को बदनाम करने की साजिश नाकाम, पुराने वायरल वीडियो पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

यह भी पढ़ें

बैठक में जनसुनवाई समाधान प्रणाली की जनवरी 2026 की मासिक रैंकिंग भी प्रस्तुत की गई, जिसके माध्यम से मंडलायुक्त, पुलिस रेंज, पुलिस जोन, जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक स्तर पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के आधार पर प्रदर्शन का आकलन किया गया. CM योगी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और इकाइयों की सराहना की, जबकि अपेक्षित प्रदर्शन न करने वाली इकाइयों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने पर जोर देते हुए प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. 

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें