‘टटीरी’ गाने पर नहीं थम रहा विवाद, सोना मोहपात्रा ने बादशाह को लगाई फटकार, बोलीं- हरियाणा का बेटा कहने से…
सिंगर सोना मोहपात्रा ने भी बादशाह के विवादित गाने ‘टटीरी’को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बादशाह को सोशल मीडिया पर जमकर फटकार लगाई है.
Follow Us:
मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए गाने 'टिटरी' को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं. गाने के रिलीज होते ही इसके बोल और वीडियो के कारण सोशल मीडिया पर भारी आलोचना शुरू हो गई थी. इसी कड़ी में मशहूर सिंगर सोना मोहपात्रा ने भी गाने को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
बादशाह के ‘टटीरी’ गाने पर भड़कीं सोना मोहपात्रा
सोना मोहपात्रा ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट शेयर किया है. उन्होंने इस नोट पर लिखा कि यह कोई पहली बार नहीं है. हम पहले भी ऐसे कई मामले देख चुके हैं. सोना ने लिखा, "अक्सर कोई आदमी अपनी इन हरकतों से औरतों को सिर्फ आकर्षक चीज की तरह पेश करता है और खुद को हीरो बताने की कोशिश करता है, जैसे औरतें बस उसकी ऐसी हरकतों पर फिदा हो जाएंगी.”
‘स्वैग दिखाना कोई क्रिएटिविटी नहीं है’
सोना ने रैप में भद्दे शब्द प्रयोग करने पर तंज कसा. उन्होंने लिखा, "'तू मुझपे मरती है, मुझपे जान चिड़कती है' जैसे पुराने और झूठे स्वैग दिखाना कोई क्रिएटिविटी नहीं है. यह पॉप कल्चर का सबसे आलसी और बोझिल तरीका है.”
‘खुद को 'हरियाणा का बेटा' कहना सही नहीं है’
सोना मोहपात्रा यहीं नहीं रुकीं उन्होंने आगे कहा कि खुद को 'हरियाणा का बेटा' कहना और उदास चेहरा बनाना भी सही नहीं है. उन्होंने लिखा, "हरियाणा पहले से ही देश के सबसे खराब जेंडर रेश्यो, औरतों के खिलाफ हिंसा और ऑनर किलिंग से जूझ रहा है.”
‘आप इसका फायदा उठाकर पैसा कमा सकते हैं’
सोना ने जोर देते हुए लिखा कि एक आर्टिस्ट का काम लोगों की सोच को बेहतर बनाना है. उन्होंने बादशाह पर तंज कसते हुए लिखा, "आप या तो महिलाओं के खिलाफ गलत सोच को चुनौती दे सकते हैं या फिर इसका फायदा उठाकर पैसा कमा सकते हैं. “
‘पैसे खर्च करने वाले लोग…दिमाग बढ़ाइए’
इतना ही नहीं उन्होंने बादशाह और इस तरह के रैप बनाने वालों पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "बादशाह और इस तरह के बाकी लोग बेहतर करें, और आप फैशन के नाम पर इस तरह की चीजों पर पैसे खर्च करने वाले लोग…दिमाग बढ़ाइए.” सोना ने अपना नोट शेयर कर कैप्शन दिया, "और अब स्कूल यूनिफॉर्म वाली लड़कियों को बस शोभा बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. इस मानसिकता में बदलाव लाएं. भारत को बेहतर चाहिए.”
सिंगर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी
‘टटीरी' सॉन्ग को लेकर बादशाह बुरे फंसे हुए हैं. गाने में लड़कियों के लिए विवादित शब्दों के इस्तेमाल के बाद हरियाणा महिला आयोग पहले ही समन जारी कर चुकी है, वहीं सिंगर के गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है. इस गाने के चलते हरियाणा में पहले दो जगह, पंचकूला और जींद में एफआईआर हो चुकी हैं. इतना ही नहीं, सिंगर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
बादशाह ने 'टटीरी' सॉन्ग विवाद पर मांगी माफी
वहीं बादशाह ने 'टटीरी' के लिरिक्स और विजुअल्स को लेकर उठे विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं. बादशाह ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा था कि गाने के एक हिस्से से कई लोगों, खासकर हरियाणा के लोगों की भावना को ठेस पहुंची है.
'मेरे अपने हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है'
उन्होंने स्पष्ट किया था उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने या किसी बच्चे-महिला के बारे में गलत बात कहने का नहीं था. इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो में बादशाह ने कहा था, "हेलो दोस्तों, मैं बादशाह. मेरा नया गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं कि उसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स और विजुअल्स की वजह से जो मैसेज गया है, उससे कई लोगों को, खासकर मेरे अपने हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है. सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं खुद हरियाणा से हूं. मेरी बोली, खान-पान, रहन-सहन, पहचान सब हरियाणा से जुड़ी है. मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हरियाणवी हूं."
'अपना बेटा समझकर माफ कर दीजिए'
उन्होंने आगे कहा था, "हिप-हॉप जॉनर में लिरिक्स अक्सर प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल होते हैं. ये किसी औरत या बच्चे के लिए कभी नहीं था और न मैं कभी ऐसा करूंगा. मैंने हमेशा हरियाणा के कल्चर और बोली को ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश की है, लेकिन अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं तहे दिल से क्षमा मांगता हूं. मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर आप माफ करेंगे, ऐसी उम्मीद करता हूं."
बादशाह के गाने पर क्यों हुआ विवाद?
पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है. साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है. इसके अतिरिक्त गीत में महिलाओं और लड़कियों के प्रति अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है.
गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
बता दें कि पंचकूला पुलिस ने बादशाह की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की हैं, जो विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें