×
जिस पर देशकरता है भरोसा

'अपना बेटा समझकर माफ कर दीजिए', बादशाह ने 'टटिहरी' सॉन्ग विवाद पर मांगी माफी, गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस

हरियाणा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गायक बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आरोपी गायक को पुलिस के समक्ष तत्काल पेश होने के लिए भी नोटिस जारी किया गया है.

'अपना बेटा समझकर माफ कर दीजिए', बादशाह ने 'टटिहरी' सॉन्ग विवाद पर मांगी माफी, गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस

 'टटिहरी' सॉन्ग को लेकर पंजाबी सिंगर बादशाह बुरे फंस चुके हैं. गाने में लड़कियों के लिए विवादित शब्दों के इस्तेमाल के बाद हरियाणा महिला आयोग पहले ही समन जारी कर चुकी है, लेकिन अब सिंगर के गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है. इस गाने के चलते हरियाणा में पहले दो जगह, पंचकूला और जींद में एफआईआर हो चुकी हैं. इतना ही नहीं, सिंगर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. 

बादशाह ने 'टटीहरी' सॉन्ग विवाद पर मांगी माफी

वहीं अब बादशाह ने अपने नए हरियाणवी ट्रैक 'टटीहरी' के लिरिक्स और विजुअल्स को लेकर उठे विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. बादशाह ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि गाने के एक हिस्से से कई लोगों, खासकर हरियाणा के लोगों की भावना को ठेस पहुंची है. 

 'मेरे अपने हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है'

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने या किसी बच्चे-महिला के बारे में गलत बात कहने का नहीं था. इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो में बादशाह कहते नजर आए, "हेलो दोस्तों, मैं बादशाह. मेरा नया गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं कि उसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स और विजुअल्स की वजह से जो मैसेज गया है, उससे कई लोगों को, खासकर मेरे अपने हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है. सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं खुद हरियाणा से हूं. मेरी बोली, खान-पान, रहन-सहन, पहचान सब हरियाणा से जुड़ी है. मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हरियाणवी हूं."

'अपना बेटा समझकर माफ कर दीजिए'

उन्होंने आगे बताया, "हिप-हॉप जॉनर में लिरिक्स अक्सर प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल होते हैं. ये किसी औरत या बच्चे के लिए कभी नहीं था और न मैं कभी ऐसा करूंगा. मैंने हमेशा हरियाणा के कल्चर और बोली को ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश की है, लेकिन अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं तहे दिल से क्षमा मांगता हूं. मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर आप माफ करेंगे, ऐसी उम्मीद करता हूं."

बादशाह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी

हरियाणा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गायक बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आरोपी गायक को पुलिस के समक्ष तत्काल पेश होने के लिए भी नोटिस जारी किया गया है. जानकारी में साफ किया गया कि पंचकूला पुलिस ने यूट्यूब से विवादित सॉन्ग 'टटिहरी' को हटवा दिया है. 

हरियाणा पुलिस ने बादशाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है

सोशल मीडिया और गीतों में आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गायक आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनलों तथा व्यक्तिगत सोशल मीडिया हैंडल्स से भी इस गाने से संबंधित रील्स व शॉर्ट वीडियो को हटवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. 

बादशाह फ़िलहाल भारत छोड़कर बाहर नहीं जा सकते 

पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में जारी गाने को लेकर एफआईआर दर्ज करते हुए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोड़कर बाहर न जा सके. पुलिस ने पहले भी गाने के मेकर्स से खुद वीडियो हटवाने के लिए कहा था. बादशाह के खिलाफ दर्ज मामले में धारा 296 भारतीय न्याय संहिता और इंडीसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. 

बादशाह के गाने पर क्यों हुआ विवाद?

पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है. साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है. इसके अतिरिक्त गीत में महिलाओं और लड़कियों के प्रति अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है. 

 गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस

बता दें कि पंचकूला पुलिस ने बादशाह की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की हैं, जो विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. 

यह भी पढ़ें

टिप्पणियाँ 0
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Close
ADVERTISEMENT
NewsNMF
NMF App
Download
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें