Advertisement
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय जहाज पर ड्रोन हमला, ‘हाजी अली’ शिप समुद्र में डूबा; MEA ने कहा- यह बर्दाश्त से बाहर
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ओमान तट पर भारतीय कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ पर ड्रोन हमला हुआ, जिसमें जहाज डूब गया. हालांकि उसमें सवार 14 क्रू मेंबर को ओमान नेवी ने सुरक्षित बचा लिया. भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है.
Advertisement
अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग के हालात ने मिडिल ईस्ट में तनाव को बढ़ाया हुआ है. इसके चलते दुनिया के कई देश के प्रभावित हो रहे हैं. इस बीच गुरुवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ओमान के समुद्री तट पर एक बड़ा हादसा सामने आया है. भारत के कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ (MSV HAJI ALI BDI 1492) पर ड्रोन से हमला हुआ, जिसके बाद पूरा जहाज समुद्र में डूब गया. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे कौन था. इस हमले की भारत के विदेश मंत्रालय ने निंदा की है.
रिपोर्ट के मुताबिक, कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ में कुल 14 क्रू मेंबर सवार थे. ओमान की नेवी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया. हादसे के बाद सभी नाविकों को ओमान के दीबा बंदरगाह पर पहुंचाया गया है. अधिकारियों के अनुसार सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
गुजरात के जहाज पर फिर संकट की घटना
Advertisement
हाजी अली जहाज गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. यह कोई पहली घटना नहीं है जब इस क्षेत्र के जहाज को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नुकसान पहुंचा हो. इससे पहले भी एक सप्ताह के भीतर गुजरात का ही एक अन्य जहाज ‘अल फैज नूर सुलेमानी-1’ होर्मुज स्ट्रेट में संघर्ष के दौरान डूब गया था. उस घटना में भी जहाज पर अचानक विस्फोट या ड्रोन/मिसाइल हमले जैसी स्थिति बनी थी. आग लगने के बाद जहाज समुद्र में डूबने लगा था. उस समय भी सभी 14 क्रू मेंबर ने लाइफबोट की मदद से अपनी जान बचाई थी और ओमान कोस्ट गार्ड ने उन्हें सुरक्षित निकाल लिया था.
Advertisement
विदेश मंत्रालय ने जताई सख्त आपत्ति
भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. मंत्रालय ने इसे 'अस्वीकार्य' बताते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और निर्दोष नाविकों को इस तरह निशाना बनाना बेहद गंभीर मामला है. भारत ने यह भी कहा कि समुद्री व्यापार की स्वतंत्रता और नागरिक क्रू की सुरक्षा किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होनी चाहिए. मंत्रालय ने ओमान के अधिकारियों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने तुरंत कार्रवाई कर सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचाया.
Advertisement
जहाज पर हमला कैसे हुआ?
जानकारी के अनुसार हाजी अली जहाज पर अचानक ड्रोन से हमला हुआ, जिसके बाद तेज धमाका हुआ और जहाज में आग लग गई. आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही समय में जहाज संतुलन खोकर समुद्र में डूब गया. यह पूरा घटनाक्रम ओमान तट के पास हुआ, जिससे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जहाज के मालिक सुल्तान अहमद संघार ने भी पुष्टि की है कि सभी 14 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. अब ओमान पुलिस और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि यह हमला किसने और क्यों किया.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पहले से ही दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है. यहां से वैश्विक तेल और व्यापार का बड़ा हिस्सा गुजरता है. ऐसे में लगातार हो रही घटनाएं न सिर्फ भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए भी चिंता बढ़ा रही हैं. फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जो यह तय करेगी कि इस हमले के पीछे कौन था और इसका उद्देश्य क्या था.