Indian Railway: होली पर घर जाना होगा आसान! रेलवे चलाएगा 1500 के करीब स्पेशल ट्रेनें
Railway Holi Special Train: त्योहार के समय यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भारतीय रेलवे हर साल की तरह इस बार भी होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है. रेलवे ने इस बार होली के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है.
Follow Us:
Indian Railway: होली का त्योहार नजदीक आते ही देशभर में लोग अपने घरों की ओर निकलने लगते हैं. खासतौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में इस दौरान जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है. त्योहार के समय यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भारतीय रेलवे हर साल की तरह इस बार भी होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है. रेलवे ने इस बार होली के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है.
1400 से ज्यादा होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना
भारतीय रेलवे के अनुसार, इस साल होली के दौरान 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों (ट्रिप) का संचालन किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर यह संख्या बढ़ाकर 1,500 तक भी की जा सकती है. इन ट्रेनों का उद्देश्य त्योहार के समय यात्रियों की बढ़ी हुई मांग को पूरा करना और अलग-अलग राज्यों के बीच यात्रा को आसान बनाना है. तुलना करें तो पिछले साल यानी 2025 में होली के दौरान कुल 1,144 स्पेशल ट्रेनों के ट्रिप चलाए गए थे. इस बार संख्या कहीं ज्यादा रखी गई है.
किस जोन से कितनी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
रेलवे के अलग-अलग जोनों को भीड़ के हिसाब से स्पेशल ट्रेनें चलाने की जिम्मेदारी दी गई है. सबसे ज्यादा 285 स्पेशल ट्रेनें पूर्व मध्य रेलवे (ECR) चलाएगा. इसके बाद पश्चिम रेलवे (WR) 231, मध्य रेलवे (CR) 209 और दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) 160 ट्रेनों का संचालन करेगा.
उत्तर रेलवे (NR) 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) 71 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. इसके अलावा उत्तर मध्य रेलवे 66, पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व तटीय रेलवे 62-62, दक्षिण पश्चिम रेलवे 47, पश्चिम मध्य रेलवे 43, दक्षिण रेलवे 39 और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे 15 ट्रेनों का संचालन करेगा. क्षेत्रीय जरूरत को देखते हुए कोंकण रेलवे 9 और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे 2 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा.
पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी तैयारी
पूर्व मध्य रेलवे ने होली को देखते हुए 285 से अधिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है. ये ट्रेनें 1 मार्च से 22 मार्च के बीच चलाई जाएंगी, ताकि होली से पहले घर जाने और होली के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों को सहूलियत मिल सके. रेलवे का प्रयास है कि किसी भी यात्री को कन्फर्म सीट और सुगम यात्रा से वंचित न होना पड़े.
कुछ प्रमुख होली स्पेशल ट्रेनों की जानकारी
रेलवे ने कई रूटों पर खास होली स्पेशल ट्रेनें घोषित की हैं. इनमें दानापुर - सोगरिया, दानापुर–रानी कमलापति, रानी कमलापति-अगरतला और हापा - नाहरलगुन जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं. ये ट्रेनें प्रयागराज छिवकी, डीडीयू, आरा, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार जैसे बड़े स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिससे यूपी और बिहार के यात्रियों को खास फायदा मिलेगा.
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
पूर्व मध्य रेलवे की सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी रेलवे का मकसद यही है कि लोग बिना परेशानी अपने घर पहुंच सकें और त्योहार के बाद सुरक्षित वापस लौट सकें. उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, NTES वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करें.
होली पर सफर होगा आसान और आरामदायक
यह भी पढ़ें
इस बार होली के दौरान ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों के संचालन से भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी. रेलवे की यह पहल लाखों लोगों को अपने परिवार के साथ होली मनाने का मौका देगी.
टिप्पणियाँ 0
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें