Advertisement
झारखंड: चतरा-हजारीबाग सीमा पर मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर, 15 लाख का इनामी कमांडर सहदेव महतो भी मारा गया
झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी बड़ी सफलता मिली है. इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के सटीक इनपुट के आधार पर शुक्रवार को चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए.
Advertisement
झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ जारी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इंटेलिजेंस ब्यूरो के सटीक इनपुट पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने शुक्रवार को चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर चार कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है. मारे गए नक्सलियों में 15 लाख का इनामी कमांडर सहदेव महतो भी शामिल है. झारखंड पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है.
गुप्त सूचना पर शुरू हुआ अभियान
पुलिस को चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर नक्सलियों के एक दस्ते की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने घेराबंदी शुरू की. खुद को घिरा देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. घंटों चली इस भीषण मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि कुछ अन्य के घायल होने की संभावना जताई जा रही है.
Advertisement
भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद
Advertisement
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को मौके से महत्वपूर्ण सफलता मिली है. घटनास्थल से अब तक दो एके-47 राइफल, अन्य देशी और आधुनिक हथियार, नक्सली साहित्य के अलावा दैनिक उपयोग के सामान और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं. मारे गए नक्सलियों में कुख्यात सहदेव महतो इलाके में कई बड़ी वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता था.
सारंडा में भी जारी बड़ा अभियान
Advertisement
इधर, झारखंड के पश्चिमी जिले के सारंडा अंतर्गत छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा के पास चडराडेरा के जंगल में भी सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक दस्ते को चारों ओर से घेर रखा है और उनके भागने के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है. निगरानी के लिए आसमान से भी नजर रखी जा रही है.
बताया जा रहा है कि इस दस्ते में एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा भी शामिल है और नक्सलियों की कुल संख्या सौ से ज्यादा हो सकती है.
यह भी पढ़ें
चाईबासा के एसपी अमित रेनू ने बताया कि जंगल में सर्च अभियान अभी जारी है और फिलहाल विस्तृत अपडेट की प्रतीक्षा है. पश्चिमी सिंहभूम के इस इलाके में पिछले तीन दिनों के दौरान आईईडी ब्लास्ट और गोलीबारी की घटनाओं में सुरक्षाबलों के 6 जवान घायल हो चुके हैं.