मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा तो उड़ानों पर असर, दुबई-दोहा और अबू धाबी रूट की कई फ्लाइट्स रद्द
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण दुबई, अबू धाबी और दोहा जाने वाली कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं. इंडिगो ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ने से दुबई में फ्लाइट ऑपरेशन पर अतिरिक्त पाबंदियां लगाई गई हैं.
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है. क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ने के कारण भारतीय यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. संयुक्त अरब अमीरात के दुबई और अबू धाबी के अलावा कतर की राजधानी दोहा जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स 15 मार्च को फिर से रद्द कर दी गई हैं. एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें. अचानक हुए इन बदलावों से हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं.
इंडिगो ने यात्रियों को दी अहम सलाह
भारतीय एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालात के कारण दुबई में फ्लाइट संचालन पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं. एयरलाइन के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई उड़ानों में बदलाव किए गए हैं. इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जांचने के बाद ही एयरपोर्ट के लिए निकलें.
दिल्ली-दुबई रूट पर कई उड़ानें रद्द
संयुक्त अरब अमीरात की एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देश के बाद एअर इंडिया (Air India) ने भी अपनी उड़ानों में बड़ा बदलाव किया है. दिल्ली से दुबई जाने वाली पांच में से चार उड़ानों को रद्द कर दिया गया है. अब इस रूट पर फिलहाल सिर्फ एक राउंड ट्रिप ही संचालित होगी. इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) ने भी दुबई रूट पर छह में से पांच उड़ानें रद्द कर दी हैं. अबू धाबी के लिए तो एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें फिलहाल रद्द कर दी गई हैं. हालांकि शारजाह से दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, कोझिकोड, कन्नूर और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें अभी जारी रहेंगी.
कतर का एयरस्पेस भी बंद
तनाव का असर कतर की उड़ानों पर भी पड़ा है. कतर का एयरस्पेस बंद होने के कारण कतर एयरवेज की दोहा जाने वाली सभी उड़ानें फिलहाल निलंबित कर दी गई हैं. एयरलाइन ने बताया है कि जैसे ही कतर सिविल एविएशन अथॉरिटी से अनुमति मिलेगी, फ्लाइट संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा. तब तक यात्रियों को इंतजार करना होगा.
बताते चलें कि एयरलाइंस ने यात्रियों को साफ सलाह दी है कि यदि उनकी दुबई, अबू धाबी या दोहा के लिए फ्लाइट बुक है तो वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें. इससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement