झारखंड छात्र प्रदर्शन: JPSC के तीन सदस्यों ने दिया इस्तीफा, CID करेगी पूछताछ
अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं. परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की जा रही है. इस बीच JPSC के तीन सदस्यों ने इस्तीफा देकर चौंका दिया.
Follow Us:
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ जारी आंदोलन के बीच बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया. आयोग के तीन सदस्यों डॉ. अजीता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया.
तीनों ने अपना त्यागपत्र राज्यपाल को भेज दिया है. हालांकि, इस्तीफे के कारणों की आधिकारिक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है. JPSC की हालिया प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली को लेकर आयोग पहले से विवादों में है.
CID करेगी पूछताछ
अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं. परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की जा रही है. इसी बीच तीन सदस्यों के एक साथ इस्तीफे को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है. इधर, कथित परीक्षा अनियमितताओं की जांच कर रहा अपराध अनुसंधान विभाग (CID) आयोग के तीनों सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ करेगा.
अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को डॉ. अजीता भट्टाचार्य, मंगलवार को डॉ. अनिमा हांसदा और बुधवार को डॉ. जमाल अहमद से पूछताछ की जाएगी. जरूरत पड़ने पर तीनों को दोबारा भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है. इससे पहले CID जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते से चार दौर में पूछताछ कर चुकी है. उनसे परीक्षा प्रक्रिया और आयोग के स्तर पर लिए गए फैसलों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली गई थी.
यह भी पढ़ें- 'Gen-Z ही बनाएंगे भारत को विश्वगुरु', धर्मेंद्र प्रधान ने तोड़ी चुप्पी, बताया- इस्तीफे पर PM मोदी से क्या हुई थी बात
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है. शनिवार को पांच दिनों की रिमांड के दूसरे दिन मुख्य सचिव कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार और परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के अकाउंटेंट रक्षक सिंह से भी पूछताछ जारी रही.
जांच के बाद CID कर सकती है गिरफ्तारी
यह भी पढ़ें
जांच एजेंसी दोनों से परीक्षा प्रक्रिया, कथित अनियमितताओं और संबंधित लोगों के बीच संपर्क को लेकर जानकारी जुटा रही है. पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर CID आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, जांच में मिले सुरागों के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है.