Advertisement

दिल्ली में देर रात चली ताबड़तोड़ गोलियां, बदमाशों ने लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर किया जानलेवा हमला; एक घायल

दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित ISBT के पास मंगलवार रात लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़े बताए जा रहे वकील की कार पर बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की. कार में पांच लोग सवार थे. हमले में संदीप नामक अधिवक्ता को दो गोलियां लगीं.

Social Media

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब कश्मीरी गेट स्थित ISBT के पास बेखौफ बदमाशों ने एक कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. जानकारी के अनुसारजिस कार पर बदमाशों ने गोलियां बरसाई जो लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम के वकील की कार थी और उसमें वो सवार भी थे. गोली लगने के बाद आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

हनुमान मंदिर के सामने चार राउंड फायरिंग

जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 10:30 बजे की है. ISBT कश्मीरी गेट के पास हनुमान मंदिर के सामने बदमाशों ने कार को निशाना बनाते हुए करीब चार राउंड गोलियां चलाईं. कार में कुल पांच लोग सवार थे. पीछे की सीट पर बैठे संदीप नामक व्यक्ति को कंधे के पास दो गोलियां लगीं. गोली लगते ही कार में अफरातफरी मच गई. फायरिंग इतनी तेज थी कि कार का पिछला शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. आसपास मौजूद लोग भी गोलियों की आवाज से सहम गए.

ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान

हमले के बाद ड्राइवर ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई. उसने तुरंत कार की रफ्तार बढ़ाई और सिविल लाइंस इलाके में एक होटल के सामने गाड़ी रोक दी. वहां से पुलिस को घटना की सूचना दी गई. घायल संदीप को तुरंत अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. उत्तर जिला पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है.

दीपक खत्री ने किया दावा

कार में सवार दीपक खत्री नाम के व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह एक वकील है और लॉरेंस बिश्नोई की पैरवी करता है. हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि इस दावे की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पहले पहचान और पेशे से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि की जाएगी, उसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा. बताया जा रहा है कि दीपक खत्री और उनके साथी मंगलवार रात हनुमान मंदिर दर्शन के लिए गए थे. जैसे ही वे कार में बैठे और आगे बढ़े, तभी बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस 

घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. शुरुआती जांच में यह देखा जा रहा है कि हमलावर किस दिशा से आए और किस तरफ फरार हुए. इस हमले का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कार का टूटा हुआ पिछला शीशा और सड़क पर बैठे एक घायल शख्स को देखा जा सकता है, जिसके कंधे पर जख्म नजर आ रहे हैं. हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो की भी जांच शुरू कर दी है ताकि उसकी सत्यता की पुष्टि की जा सके.

बताते चलें कि दिल्ली जैसे हाई सिक्योरिटी इलाके में ISBT के पास इस तरह की फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. रात के व्यस्त समय में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है. राजधानी में हुई यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि कानून व्यवस्था को लेकर जरा सी चूक भी बड़ी वारदात का रूप ले सकती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE
अधिक →