Advertisement

कोर्टरूम, चाकू और धमकी… वाराणसी में जज के सामने महिला ने वकील को दी धमकी, जानें पूरा मामला

वाराणसी कचहरी के ACJM 6 के कोर्ट रूम में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने जज के सामने बैग से चाकू निकाल लिया. वह पुराने मारपीट मामले में पैरवी के लिए आई थी और एक महिला अधिवक्ता से बहस के दौरान उग्र हो गई. मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत काबू में कर लिया.

Social Media

वाराणसी की कचहरी परिसर स्थित एसीजेएम षष्ठम की अदालत में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला ने जज के सामने ही अपने बैग से चाकू निकाल लिया. यह घटना कोर्ट रूम के भीतर हुई, जिससे वहां मौजूद वकीलों, सुरक्षाकर्मियों और वादकारियों में हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि समय रहते महिला को काबू में कर लिया गया और कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई.

किस वजह से पहुंची थी महिला कोर्ट

मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चंगवार बेनीपुर गांव की रहने वाली महिला एक पुराने मारपीट के मामले में पैरवी के लिए अदालत पहुंची थी. करीब दो माह पहले उसके परिजनों के साथ विवाद हुआ था, जिसमें उसके साथ मारपीट की घटना सामने आई थी. महिला मेडिकल रिपोर्ट बनवाकर कोर्ट में अपनी बात रखने आई थी और अपने मामले में सख्त कार्रवाई चाहती थी.

बहस के दौरान अचानक निकाला चाकू

कोर्ट रूम के भीतर उसकी मुलाकात एक महिला अधिवक्ता से हुई. बताया जा रहा है कि महिला अधिवक्ता ने उसे कानूनी प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि हर कार्रवाई तय प्रक्रिया के अनुसार ही होगी. इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. बहस बढ़ते ही महिला ने अचानक अपने बैग से चाकू निकाल लिया और अधिवक्ता को धमकाने लगी. जज के सामने हुई इस अप्रत्याशित घटना से कोर्ट रूम में खलबली मच गई.

सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य वकीलों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत पकड़ लिया. सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने उसके पास से चाकू बरामद कर लिया है. शुरुआती पूछताछ में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला काफी तनाव में दिख रही थी और बार-बार अपने साथ हुई मारपीट का जिक्र कर रही थी. अधिकारियों का यह भी कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है, हालांकि इस संबंध में अभी औपचारिक चिकित्सीय जांच की प्रक्रिया बाकी है.

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल

इस घटना ने कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पिछले कुछ दिनों से कोर्ट में बम धमाके की धमकियों के चलते सुरक्षा कड़ी करने का दावा किया जा रहा था. लगातार चेकिंग अभियान चलाने की बात भी सामने आई थी. इसके बावजूद महिला का चाकू लेकर कोर्ट रूम तक पहुंच जाना बड़ी चूक माना जा रहा है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा जांच के दौरान चाकू कैसे नजरअंदाज हो गया. घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE
अधिक →