OLA–Uber से सस्ती कैब? दिल्ली में 'भारत टैक्सी' ऐप की एंट्री, जानिए कैसे होगी बुकिंग

Bharat Taxi App: भारत टैक्सी एक ऐसी कैब सर्विस बनकर सामने आई है जो ड्राइवरों को मालिकाना हक, यात्रियों को सस्ता किराया और सभी को सुरक्षित सफर देने का दावा करती है. आने वाले समय में यह ओला और उबर जैसी कंपनियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है.

Author
05 Feb 2026
( Updated: 05 Feb 2026
03:13 PM )
OLA–Uber से सस्ती कैब? दिल्ली में 'भारत टैक्सी' ऐप की एंट्री, जानिए कैसे होगी बुकिंग
Image Source: Social Media

Bharat Taxi App Launch: ओला, उबर और इनड्राइव जैसी निजी कैब सेवाओं के बीच अब भारत में एक नई और अलग सोच वाली कैब सर्विस की एंट्री हो चुकी है. भारत की पहली को-ऑपरेटिव (सहकारी) कैब सर्विस ‘भारत टैक्सी’ को दिल्ली में आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया गया है. विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस ऐप का शुभारंभ किया. लंबे समय से यह सेवा दिल्ली में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चल रही थी, लेकिन अब इसे आम लोगों के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है.

लॉन्च के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने ऐप डाउनलोड किया. हालांकि शुरुआती घंटों में कुछ यूजर्स को ऐप ओपन होने और बुकिंग करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. सरकार और प्लेटफॉर्म से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि यह शुरुआती तकनीकी समस्या है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा और आने वाले दिनों में सिस्टम को और मजबूत बनाया जाएगा.

ड्राइवर नहीं, अब कहलाएंगे ‘सारथी’

भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत इसका ड्राइवर ओनरशिप मॉडल है. इस प्लेटफॉर्म से जुड़ने वाले ड्राइवरों को अब ड्राइवर नहीं बल्कि ‘सारथी’ कहा जाएगा. सरकार के मुताबिक, इस ऐप पर काम करने वाले सारथी ही इसके असली मालिक होंगे. हर राइड का पूरा किराया सीधे सारथी के बैंक अकाउंट में जाएगा और ओला-उबर की तरह कोई कमीशन नहीं काटा जाएगा. 

यह सर्विस किसी निजी कंपनी द्वारा नहीं, बल्कि को-ऑपरेटिव मॉडल पर शुरू की गई है. इसे सहकारिता मंत्रालय और नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन ने मिलकर तैयार किया है. इसका संचालन सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड करेगा. पूरे सिस्टम की निगरानी के लिए एक विशेष काउंसिल भी बनाई गई है.

यूजर्स कैसे करें भारत टैक्सी ऐप का इस्तेमाल

भारत टैक्सी ऐप का इस्तेमाल बिल्कुल ओला या उबर की तरह ही किया जा सकता है. एंड्रॉयड यूजर्स इसे Google Play Store से और आईफोन यूजर्स Apple App Store से डाउनलोड कर सकते हैं. यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ गुजराती और मराठी भाषा में भी उपलब्ध है. ऐप डाउनलोड करने के बाद मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा. ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा होते ही यूजर राइड बुक करने के लिए तैयार हो जाता है.

ऐसे करें राइड बुकिंग

राइड बुक करने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें और अपनी पिक-अप और ड्रॉप लोकेशन डालें. इसके बाद बाइक, ऑटो या कार में से अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनें. किराया स्क्रीन पर दिख जाएगा. किराया कंफर्म करते ही आपकी राइड बुक हो जाएगी. राइड बुक होते ही लाइव ट्रैकिंग की सुविधा भी शुरू हो जाती है, जिससे यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी रहती है.

सर्ज प्राइसिंग से राहत, किराया रहेगा तय

भारत टैक्सी की एक बड़ी खासियत यह है कि इसमें सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी. यानी पीक टाइम, बारिश या ट्रैफिक के दौरान किराया नहीं बढ़ेगा. सहकारिता मंत्रालय ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म चालकों के लिए फ्री होगी और उन्हें सारथी कहा जाएगा. इसके जरिए केंद्र की कोशिश चालकों को राइड-हेलिंग सर्विस ऐप्स की शोषणकारी नीति से बचाना है. इस ऐप में 4 किलोमीटर तक के लिए किराया 30 रुपए प्रति किलोमीटर होगा, 4-12 किलोमीटर तक के लिए किराया 23 रुपए प्रति किलोमीटर और 12 किलोमीटर से अधिक के लिए किराया 18 रुपए प्रति किलोमीटर होगा. अन्य ऐप्स की तरह इस भारत टैक्सी को भी पब्लिक ट्रांजिट सर्विसेज जैसे मेट्रो से जोड़ा जाएगा. इससे यूजर्स को एक ही ऐप से अपनी यात्रा को पूरा करने में मदद मिलेगी.

यात्रियों की सुरक्षा पर खास ध्यान

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत टैक्सी ऐप में कई जरूरी फीचर्स दिए गए हैं. सभी सारथियों का पुलिस वेरिफिकेशन किया जाएगा. इसके अलावा लाइव लोकेशन शेयरिंग, SOS बटन, इमरजेंसी कॉल और ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट जोड़ने जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं.

150 से अधिक महिला ड्राइवर भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं

सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, अब तक 150 से अधिक महिला ड्राइवर भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं. ऐप पर पंजीकरण में भारी वृद्धि देखी जा रही है, पिछले दो दिनों में प्रतिदिन लगभग 40,000 से 45,000 नए यूजर्स जुड़ रहे हैं. सहकारिता मंत्रालय द्वारा जनवरी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक लेख के अनुसार, भारत टैक्सी के पंजीकृत ग्राहकों की संख्या चार लाख से अधिक हो चुकी है. एंड्रॉइड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर नौवें और एप्पल के ऐप स्टोर पर 13वें स्थान पर है.

भारत टैक्सी एक ऐसी कैब सर्विस बनकर सामने आई है जो ड्राइवरों को मालिकाना हक, यात्रियों को सस्ता किराया और सभी को सुरक्षित सफर देने का दावा करती है. आने वाले समय में यह ओला और उबर जैसी कंपनियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है.

Tags

Advertisement

टिप्पणियाँ 0

LIVE
Advertisement
Podcast video
अल्लाह का नाम लेकर Yogi के लिए दुश्मनों से लड़ गए मौलाना ने सबको धो डाला ! Kaukab Mujtaba
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें