BPL परिवारों को सरकार देगी मुफ्त सोलर पैनल, जानें कैसे करें आवेदन
Free Solar Panels: कम आय वाले परिवारों के लिए बिजली का बढ़ता खर्च संभालना आसान नहीं होता. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अब सरकारें ऐसी योजनाएं शुरू कर रही हैं, जिनसे लोगों को राहत मिल सके और बिजली का खर्च कम किया जा सके.
Free Solar Panels to BPL Families: आज के समय में बिजली का खर्च लगभग हर घर के बजट का एक बड़ा हिस्सा बन चुका है. पहले जहां बिजली का बिल सामान्य खर्च माना जाता था, वहीं अब हर महीने आने वाला बिल कई परिवारों के लिए चिंता का कारण बन गया है. खासकर कम आय वाले परिवारों के लिए बिजली का बढ़ता खर्च संभालना आसान नहीं होता. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अब सरकारें ऐसी योजनाएं शुरू कर रही हैं, जिनसे लोगों को राहत मिल सके और बिजली का खर्च कम किया जा सके.
इसी दिशा में Nitish Kumar के नेतृत्व वाली Government of Bihar ने एक नई पहल शुरू की है. इस योजना के तहत राज्य के बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों को अपने घर की छत पर फ्री सोलर पैनल लगवाने का मौका दिया जा रहा है. इसका उद्देश्य यह है कि गरीब और कम आय वाले परिवारों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा मिल सके.
बीपीएल परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर पैनल
इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बीपीएल और कुटीर ज्योति कनेक्शन वाले परिवार अपनी छत पर बिना किसी खर्च के सोलर पैनल लगवा सकेंगे. जब घर की छत पर सोलर सिस्टम लग जाएगा, तो दिन के समय पंखे, बल्ब, मोबाइल चार्जर और कुछ छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सीधे सूरज की रोशनी से चल सकेंगे.
इससे घर की रोजाना की बिजली जरूरतें काफी हद तक पूरी हो जाएंगी. धीरे-धीरे परिवारों को बिजली कंपनी की सप्लाई पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। इसका सीधा असर बिजली के बिल पर पड़ेगा और हर महीने आने वाला खर्च कम हो सकता है.सरकार की योजना है कि पहले चरण में बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को इस योजना से जोड़ा जाए. स्थानीय स्तर पर हजारों परिवारों को इस योजना में शामिल करने की तैयारी की जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके.
बिजली बिल कम होने के साथ पर्यावरण को भी फायदा
सोलर पैनल से मिलने वाली बिजली पूरी तरह प्राकृतिक होती है, क्योंकि यह सीधे सूरज की रोशनी से बनती है. इससे न तो प्रदूषण होता है और न ही अतिरिक्त ऊर्जा संसाधनों की जरूरत पड़ती है. इसलिए इस योजना का फायदा सिर्फ लोगों को ही नहीं बल्कि पर्यावरण को भी मिलेगा.
जब ज्यादा घरों में सोलर सिस्टम लगेगा, तो बिजली ग्रिड पर दबाव भी कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ेग. इससे आने वाले समय में बिजली व्यवस्था को भी मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है.
कैसे कर सकते हैं इस योजना के लिए आवेदन
सरकार ने इस योजना में आवेदन करने की प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है. आवेदन पूरी तरह डिजिटल तरीके से किया जा सकता है. जिन लोगों के पास स्मार्टफोन है, वे Suvidha App को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं.
ऐप डाउनलोड करने के बाद उसमें “कुटीर ज्योति रूफटॉप सोलर पैनल सहमति” का विकल्प चुनना होगा. इसके बाद उपभोक्ता को अपना कंज्यूमर नंबर डालना होगा और ओटीपी के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा. इसके बाद कुछ जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे, जैसे बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड और पहचान या पते का प्रमाण. इसके साथ-साथ आवेदन फॉर्म में घर की छत की फोटो और छत का एरिया भी दर्ज करना होगा, ताकि अधिकारी यह जांच सकें कि वहां सोलर पैनल लगाना संभव है या नहीं.
जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है, उनके लिए भी सुविधा
सरकार ने यह भी ध्यान रखा है कि कई लोगों के पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं होती. ऐसे लोगों के लिए भी आवेदन की व्यवस्था की गई है. वे अपने नजदीकी सुविधा काउंटर या वसुधा केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. वहां कर्मचारी मुफ्त में आवेदन करने में मदद करेंगे.
अधिकारियों ने साफ कहा है कि इस योजना के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया बिल्कुल मुफ्त है. किसी भी व्यक्ति को इसके लिए कोई फीस देने की जरूरत नहीं है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement