राजस्थान के स्कूल की शर्मनाक हरकत, पैसे खोने पर टीचर ने उतरवाए लड़कियों के कपडे, शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई
शिक्षिका के पर्स से रुपए गायब होने के बाद कक्षा 9वीं से 11वीं तक की छात्राओं की कथित रूप से कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गई. घटना से नाराज ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया.
Follow Us:
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्कूल के अंदर छात्राओं के कपड़े उतरवाने के आरोप लगे हैं. बताया गया कि स्कूल में एक शिक्षिका के रुपए गुम होने पर कथित रूप से छात्राओं के कपड़े उतराए गए. इस घटना से ग्रामीण और अभिभावक आक्रोशित हैं. हालांकि, मामला सामने आने के बाद भरतपुर मंडल के संयुक्त निदेशक ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया, जबकि एक शिक्षिका को कार्यमुक्त किया गया है.
9वीं से 11वीं तक की छात्राओं की तलाशी का आरोप
जानकारी के अनुसार, यह घटना सवाई माधोपुर जिले के बामनवास उपखंड क्षेत्र में स्थित लिवाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की है. स्कूल में एक शिक्षिका सरस्वती मीना के पर्स से कुछ रुपए खो गए थे. इसका शक स्कूल की छात्राओं पर किया गया था. आरोप है कि जांच के नाम पर कक्षा 9वीं से 11वीं तक की छात्राओं के कपड़े उतरवाकर उनकी तलाशी ली गई. यह घटनाक्रम 13 जुलाई का बताया गया है.
छात्राओं ने घर जाकर बताई आपबीती
जब डरी-सहमी छात्राओं ने घर जाकर परिजनों को इस आपबीती की जानकारी दी तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल के बाहर जमा हो गए और मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया. हंगामे की सूचना मिलते ही सीबीईओ प्रतिभा मीना तुरंत मौके पर पहुंचीं और पीड़ित छात्राओं से पूरी घटना की जानकारी ली. साथ ही, उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया.
सीबीईओ ने छात्राओं से ली घटना की जानकारी
मामले में सीबीईओ की रिपोर्ट पर स्कूल शिक्षा, भरतपुर मंडल के संयुक्त निदेशक ने शिक्षिका सरस्वती मीना को निलंबित कर दिया. हालांकि, निलंबन काल के दौरान उनका मुख्यालय धौलपुर के राजाखेड़ा में स्थित सीबीईओ कार्यालय तय किया गया है. साथ ही, स्कूल की व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को भी सेवा प्रदाता कंपनी के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें
इसके साथ ही, घटना को लेकर शिक्षा विभाग ने विभागीय जांच शुरू की है.