Advertisement

गजब है! आई थीं शॉपिंग करने और चुरा लिए हजारों के अंडरगारमेंट्स, लेकिन एक ‘गलती’ से पकड़ी गईं चोरी

वाराणसी में एक कपड़ा दुकान से अंडरगारमेंट चोरी का मामला सामने आया है. महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी के साथ आई कुछ महिलाओं पर चोरी का आरोप लगा है और सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है.

Screengrab

वाराणसी में एक कपड़ा दुकान से अंडरगारमेंट चोरी का मामला सामने आया है, बताया जा रहा है कि महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी के साथ खरीदारी करने पहुंचीं कुछ महिलाओं पर चोरी का आरोप लगा है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को सामान उठाते हुए देखा जा सकता है. दुकान मालिक की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक अज्ञात महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है.

महिलाओं ने चुराए 10 हजार के समान 

मिली जानकारी के अनुसार, व्यापारी सुदीप सिंह ने चेतगंज थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मंगलवार की शाम उनके स्टोर में कुछ महिलाएं खरीदारी के लिए आई थीं. आरोप है कि इसी दौरान करीब 10,000 कीमत के अंडरगारमेंट और अन्य कपड़े चोरी कर लिए गए. व्यापारी का कहना है कि जब स्टॉक मिलान किया गया, तब सामान की कमी का पता चला. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसमें एक महिला को अंडरगारमेंट अपने बैग में रखते हुए देखा गया.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने व्यापारी की तहरीर के आधार पर एक अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. चेतगंज थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है और संबंधित महिलाओं की पहचान करने की कोशिश हो रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

सुनीता सोनी का पक्ष

इस पूरे मामले में वाराणसी की महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी का नाम भी चर्चा में आया है, क्योंकि वे उसी समय दुकान पर मौजूद थीं. हालांकि, उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों से साफ इनकार किया है. सुनीता सोनी ने कहा कि वह शॉपिंग के लिए दुकान पर गई थीं और उनके साथ जौनपुर से आई कुछ महिलाएं भी थीं. उन्होंने बताया कि उन्हें चोरी की घटना की कोई जानकारी नहीं थी. वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने दुकानदार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी. सुनीता सोनी ने यह भी बताया कि पुलिस की ओर से उन्हें फोन आया था और उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि वह स्वयं व्यापार वर्ग से आती हैं और किसी भी व्यापारी के साथ गलत होने पर वह कानून का साथ देंगी.

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है. व्यापारियों में इस घटना को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन सभी को भरोसा है कि जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE