‘विपक्षी नेताओं को रोने की बीमारी, जनादेश स्वीकार करने के बजाय बहानेबाजी कर रहे’, अखिलेश पर बरसे योगी के मंत्री
अखिलेश यादव की ओर से एमएलसी चुनाव पर दिए गए बयान पर विजय लक्ष्मी ने कहा कि जनता और शिक्षकों का जनादेश स्वीकार करना चाहिए.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर तीखा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों पर विधान परिषद चुनावों का कोई असर नहीं पड़ेगा.
वहीं, राज्यसभा सांसद बृज लाल ने कहा कि एमएलसी चुनाव में BJP की सीटें कम नहीं हुई है, समाजवादी पार्टी बेमतलब हो-हल्ला कर रही है.
‘BJP ने किया महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम’
मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि BJP में महिलाओं को सबसे ज्यादा टिकट देने और आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है. नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी आ चुका है. संगठन में भी महिलाओं और बहनों को 50 प्रतिशत तक स्थान दिया गया है. उन्होंने कहा कि अन्य दल भी इसका अनुसरण करें.
अखिलेश यादव की ओर से एमएलसी चुनाव पर दिए गए बयान पर विजय लक्ष्मी ने कहा कि जनता और शिक्षकों का जनादेश स्वीकार करना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दल के नेता अपनी हार और जनादेश को स्वीकार नहीं कर रहे हैं. वह रोने की बीमारी से ग्रसित हैं.
MLC चुनाव नतीजों से BJP की नींद उड़ने के दावों पर पलटवार
अखिलेश यादव ने BJP की नींद उड़ने वाला बयान दिया था. जिस पर विजय लक्ष्मी ने पलटवार करते हुए कहा कि नींद उड़ाने का दावा करने वाले खुद सोना बंद कर चुके हैं. BJP के जांबाज कार्यकर्ता मैदान में डटे हैं. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी.
‘योगी आदित्यनाथ तीसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री’
वहीं राज्यसभा सांसद बृज लाल ने कहा है कि एमएलसी चुनाव में भाजपा की कोई सीट कम नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बनी रणनीति के आधार पर 2027 के विधानसभा चुनाव में हम जीत हासिल करेंगे. योगी आदित्यनाथ तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे.
यह भी पढ़ें
यह भी पढ़ें- 'जीते तो जनसमर्थन, हारे तो चुनाव आयोग दोषी', MLC चुनाव के नतीजों को लेकर BJP ने अखिलेश यादव को घेरा