'पापा के 20 सालों के काम को...', नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री, पटना में ली JDU की सदस्यता

निशांत कुमार ने पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई. इस दौरान निशांत कुमार ने कहा कि वह एक सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करेंगे और अपने पिता नीतीश कुमार के 20 वर्षों के काम को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे.

Screengrab

बिहार की सियासत में रविवार को एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली. पटना स्थित जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

सदस्यता के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित

सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और अपने भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर साफ संकेत दिए. उन्होंने कहा कि वह एक सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करेंगे. निशांत ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिता का राज्यसभा जाने का निर्णय उनका निजी और सम्मानजनक फैसला है, और वह उसका पूरा सम्मान करते हैं.

पिता के काम को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

निशांत कुमार ने कहा कि जनता और पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 20 वर्षों में उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो काम किया है, उसे वह जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे. निशांत ने यह भी कहा कि उनके पिता के कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा और बिहार की राजनीति में उनका योगदान लंबे समय तक चर्चा में रहेगा.

कार्यकर्ताओं से भरोसा बनाए रखने की अपील

अपने भाषण के दौरान निशांत ने कार्यकर्ताओं से एक भावनात्मक अपील भी की. उन्होंने कहा कि सभी लोग उनके पिता पर अपना भरोसा बनाए रखें. उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में काम करेंगे और पार्टी को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करेंगे. निशांत ने यह भी कहा कि वह लोगों के दिलों में जगह बनाने की कोशिश करेंगे और संगठन के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे.

जेडीयू नेताओं ने बताया ऐतिहासिक क्षण

कार्यक्रम के दौरान जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने को ऐतिहासिक क्षण बताया. उन्होंने कहा कि आज का दिन जदयू के लिए खास है क्योंकि पार्टी के नेता और बिहार की राजनीति के प्रमुख चेहरे नीतीश कुमार के पुत्र इंजीनियर निशांत कुमार औपचारिक रूप से पार्टी से जुड़ रहे हैं. कुशवाहा ने कहा कि यह सदस्यता महज एक तकनीकी औपचारिकता है क्योंकि निशांत कुमार की सोच और भावनाओं में पहले से ही जदयू की विचारधारा मौजूद रही है. उमेश कुशवाहा ने यह भी कहा कि लाखों कार्यकर्ताओं की इच्छा और आग्रह के बाद निशांत कुमार ने पार्टी की सदस्यता लेने का निर्णय किया है. उनके अनुसार निशांत कुमार आने वाले समय में जदयू के भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं.

जेडीयू कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर पटना में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला. जेडीयू कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटने लगे थे. कई कार्यकर्ता बैंड-बाजे के साथ पहुंचे और निशांत कुमार के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए. कार्यक्रम स्थल के आसपास हाथी और ऊंट भी लाए गए थे, जिससे माहौल किसी उत्सव जैसा दिखाई दे रहा था.

बताते चलें कि निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने के दौरान कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार के समर्थन में जमकर नारे लगे. कई कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते भी नजर आए. साफ तौर पर यह दिन जदयू कार्यकर्ताओं के लिए एक उत्सव जैसा बन गया, जहां नई राजनीतिक उम्मीदों की शुरुआत होती दिखाई दी.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE
अधिक →