'विश्व विजेता का हृदयतल से अभिनंदन...', T20 वर्ल्ड कप जीत पर CM योगी ने दी बधाई, कहा- आज आसमान फिर तिरंगा हो गया
यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम इंडिया को बधाई दी. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया. सीएम योगी ने इसे 145 करोड़ भारतीयों की ऐतिहासिक जीत बताते हुए एक्स पर पोस्ट कर टीम और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं.
भारतीय क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार जीत हासिल की है. टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर देशभर की तमाम राजनीतिक और फ़िल्मी जगत से जुड़ी हस्तियां टीम इंडिया को बधाई दे रही है. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने भी फ़ाइनल मैच की शानदार जीत पर हार्दिक बधाई दी है. मुख्यमंत्री ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ टीम इंडिया की नहीं, बल्कि पूरे देश के 145 करोड़ लोगों की जीत है. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की. इस जीत के साथ ही पूरे देश में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है.
देशभर में जश्न का माहौल
फाइनल मुकाबले में मिली इस बड़ी जीत के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में क्रिकेट प्रेमियों ने जश्न मनाया. कहीं आतिशबाजी हुई तो कहीं लोगों ने सड़कों पर निकलकर तिरंगा लहराते हुए टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए भारतीय टीम को बधाई दी. रविवार रात जीत के तुरंत बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया और देशवासियों को भी इस ऐतिहासिक जीत की शुभकामनाएं दीं.
सीएम योगी का संदेश हुआ वायरल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में लिखा, 'जयतु भारतम्! आज फिर आसमान तिरंगा हो गया. 145 करोड़ भारतवासियों को हार्दिक बधाई. विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन.' उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. हजारों लोगों ने इस पोस्ट को रिपोस्ट किया और बड़ी संख्या में कमेंट कर टीम इंडिया को बधाई दी. क्रिकेट प्रेमियों ने भी इस जीत को भारत के गौरव का पल बताया.
फाइनल में भारत का दमदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रनों की तेज पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इसके अलावा ईशान किशन ने भी 54 रनों की शानदार पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को और मजबूत किया. 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने यह मुकाबला 96 रनों से अपने नाम कर लिया. इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला.
बताते चलें कि इस ऐतिहासिक जीत के साथ टीम इंडिया ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपनी ताकत साबित कर दी. भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को गर्व का नया मौका दिया और देशभर में जीत का जश्न अभी भी जारी है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement