Advertisement
प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर CM योगी की बधाई, बोले- यह अटूट जनविश्वास का प्रमाण
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख बनने पर बधाई दी और इसे ‘विकसित भारत’ के लिए जनविश्वास का प्रतीक बताया.
Advertisement
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए कहा कि 'विकसित भारत' के निर्माण को समर्पित यह ऐतिहासिक कीर्तिमान प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अटूट जनविश्वास का सशक्त प्रतीक है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, '145 करोड़ भारतीयों की सुख, समृद्धि और संतुष्टि के लिए सतत साधनारत, राष्ट्र के अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सर्वाधिक लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बनने पर हार्दिक बधाई.'
CM योगी ने किया सोशल मीडिया पोस्ट
Advertisement
उन्होंने आगे लिखा, 'विकसित भारत' के निर्माण को समर्पित यह ऐतिहासिक कीर्तिमान आपके प्रति अटूट जनविश्वास का सशक्त प्रतीक है. 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से दीप्त आपके यशस्वी नेतृत्व में 'अंत्योदय से राष्ट्रोदय' की संकल्पना साकार रूप ले रही है. 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के सुपथ पर चलते हुए भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं.' सीएम योगी ने पीएम मोदी के लिए अपने पोस्ट के आखिर में लिखा, 'प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपके कुशल नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति, समृद्धि और वैभव के पथ पर अग्रसर रहे.'
Advertisement
अमित मालवीय ने भी साझा किया पोस्ट
इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने पोस्ट किया, 'आज भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का रिकॉर्ड बना लिया है.' अमित मालवीय ने लिखा, 'पवन कुमार चामलिंग ने 8,930 दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था. पीएम मोदी ने अब सरकार के प्रमुख के तौर पर सार्वजनिक पद पर 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं. इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में बिताया गया उनका कार्यकाल और अब प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल शामिल है. यह एक दुर्लभ और असाधारण उपलब्धि है, जो दशकों की निरंतर जनसेवा और नेतृत्व को दर्शाती है.' उन्होंने पीएम मोदी की उपलब्धियां बताते हुए पोस्ट किया, 'वे गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री रहे. ऐसे नेता हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा पूर्व अनुभव है. वे स्वतंत्रता के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री हैं और लगातार तीन लोकसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) के विजेता हैं. यह एक ऐसा मील का पत्थर है जो दृढ़ता, अनुभव और निरंतर जन-समर्थन को रेखांकित करता है.'
Advertisement
लगातार तीन चुनाव जीतने वाले पहले प्रधानमंत्री
जानकारी देते चलें कि पीएम मोदी देश की आजादी के बाद लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के आम चुनावों में जीत हासिल की. यह उपलब्धि उनके मजबूत जनाधार और निरंतर समर्थन को बताते है. जानकारी देते चलें कि पीएम मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था. उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की. इसके बाद 1985 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई.
चार बार मुख्यमंत्री रहे, फिर बने प्रधानमंत्री
Advertisement
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला. वे चार बार इस पद पर रहे और 22 मई 2014 तक करीब 12 साल 7 महीने तक राज्य का नेतृत्व किया. इसके बाद 26 मई 2014 को उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. नरेंद्र मोदी जून 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने. वे देश के पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं, जिन्होंने लगातार तीन बार यह पद संभाला है. 4,000 से अधिक दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में भी अपनी जगह मजबूत की है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि पीएम मोदी का यह रिकॉर्ड सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि लंबे अनुभव, निरंतर जनसेवा और मजबूत जनसमर्थन का प्रतीक है. आने वाले समय में भी उनका यह नेतृत्व भारतीय राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता नजर आएगा.