Advertisement
सुरक्षा तोड़ी, कमरे में ले गए... लाहौर कलंदर्स के शाहीन आफरीदी-सिकंदर रजा पर गंभीर आरोप, PSL में मचा बवाल
PSL 2026 में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, लाहौर कलंदर्स के शाहीन आफरीदी और सिकंदर रजा पर होटल सुरक्षा नियम तोड़कर अनधिकृत लोगों को अंदर लाने का आरोप लगा.
Advertisement
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) जितना खेल की वजह से चर्चा में नहीं रहता उससे कहीं ज़्यादा तो विवादों के चलते ख़बरों की सुर्ख़ियो में बना रहता है. लीग की चर्चित टीम 'लाहौर कलंदर्स 'सीधे निशाने पर आ गई है. टीम के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी और ऑलराउंडर सिकंदर रजा पर सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने के गंभीर आरोप लगे हैं. इस घटनाक्रम ने न सिर्फ टीम बल्कि पूरे टूर्नामेंट की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला उस समय सामने आया जब खिलाड़ियों के होटल की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक पाई गई. पंजाब पुलिस के अनुसार, शाहीन और रजा ने चार अनधिकृत लोगों को होटल के उस फ्लोर तक पहुंचाया, जहां खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का ठहराव था. बताया जा रहा है कि इन लोगों को अनुमति नहीं दी गई थी और टीम के लायजन ऑफिसर की रिक्वेस्ट भी दो बार खारिज की जा चुकी थी. इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने सुरक्षा कर्मियों के विरोध के बीच इन मेहमानों को अंदर पहुंचाया. इतना ही नहीं, ये लोग करीब तीन घंटे तक होटल के उसी फ्लोर पर मौजूद रहे. इस पूरे घटनाक्रम को सुरक्षा एजेंसियों ने प्रोटोकॉल का साफ उल्लंघन माना है.
Advertisement
लीग आयोजकों से कार्रवाई की मांग
Advertisement
पंजाब पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लीग अधिकारियों को पत्र लिखा है. इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में सुरक्षा से समझौता न हो. पुलिस का मानना है कि इस तरह की लापरवाही बड़े खतरे को जन्म दे सकती है. हालांकि, अब तक लाहौर कलंदर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे सस्पेंस और बढ़ गया है. फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं.
सिकंदर रजा ने दी सफाई
Advertisement
विवाद बढ़ने के बाद सिकंदर रजा ने अपनी सफाई पेश की. उन्होंने कहा कि होटल में आए लोग उनके परिवार और करीबी दोस्त थे. रजा ने शाहीन आफरीदी को इस मामले में पूरी तरह निर्दोष बताते हुए कहा कि वह सिर्फ उनकी मदद कर रहे थे. रजा ने जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए कहा कि वह उन सभी मेहमानों को लंबे समय से जानते हैं.
‘क्लोज्ड डोर्स’ में हो रहे मैच
इस पूरे विवाद के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पहले ही सख्त रुख अपनाए हुए है. मौजूदा हालात को देखते हुए लीग के शुरुआती मैच बिना दर्शकों के कराए जा रहे हैं. इसके पीछे ऊर्जा संकट और वेस्ट एशिया में जारी तनाव को वजह बताया गया है. खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए होटल और स्टेडियम के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
गौरतलब है कि हाल ही में तेज गेंदबाज नसीम शाह को भी अनुशासन उल्लंघन के मामले में नोटिस दिया गया था. इससे साफ है कि इस सीजन में बोर्ड किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है. लगातार सामने आ रहे मामलों ने लीग की साख पर भी असर डालना शुरू कर दिया है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस मामले में खिलाड़ियों पर कोई कड़ी कार्रवाई होगी या यह विवाद सिर्फ सफाई देकर खत्म कर दिया जाएगा.