Advertisement

Loading Ad...

'आतंक के खिलाफ संकल्प अटूट...', ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर PM मोदी ने DP बदलकर पाकिस्तान को दिया कड़ा संदेश

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया और आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत संकल्प को दोहराया. पीएम समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर अभियान को श्रद्धांजलि दी.

Image Source: Social Media
Loading Ad...

भारत के लिए आज का दिन गौरव और शौर्य का प्रतीक माना जा रहा है. ठीक एक साल पहले भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया था. इस अभियान के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया गया था. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के वीर जवानों के साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को नमन किया. उन्होंने कहा कि आतंकवाद और उसे संरक्षण देने वाले नेटवर्क को खत्म करने का भारत का संकल्प आज भी उतना ही मजबूत है, जितना एक साल पहले था.

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रोफाइल फोटो बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी तस्वीर लगाई. वहीं एस जयशंकर, पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण और अश्विनी वैष्णव समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर इस अभियान के प्रति सम्मान प्रकट किया.

क्या बोले पीएम मोदी?

Loading Ad...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'एक वर्ष पूर्व, #ऑपरेशनसिंदूर के दौरान हमारी सशस्त्र सेनाओं ने अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया. उन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया. पूरा देश हमारी सेनाओं के शौर्य को सलाम करता है. ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था. इसने हमारी सशस्त्र सेनाओं की व्यावसायिकता, तत्परता और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया. साथ ही, इसने हमारी सेनाओं के बीच बढ़ते संयुक्त बल को प्रदर्शित किया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए भारत के प्रयासों से राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती को रेखांकित किया. आज, एक वर्ष बाद, हम आतंकवाद को पराजित करने और उसके समर्थक तंत्र को नष्ट करने के अपने संकल्प में पहले की तरह ही दृढ़ हैं.' 

Loading Ad...

देशवासियों को सेना पर गर्व 

Loading Ad...

पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, 'ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है. उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है.'

रक्षा मंत्री ने जारी किया वीडियो 

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और पराक्रम को याद किया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि यह अभियान देश की सुरक्षा के लिए सेना के अटूट समर्पण और बहादुरी का प्रतीक है. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इस बात का उदाहरण है कि जब भी राष्ट्र की सुरक्षा पर चुनौती आती है, भारतीय सेना पूरी मजबूती और निर्णायक रणनीति के साथ जवाब देने के लिए तैयार रहती है. रक्षा मंत्री ने इस मौके पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें आतंकवाद को लेकर उनका सख्त संदेश शामिल था. वीडियो में उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करते समय किसी भी सीमा की परवाह नहीं करेगा और आतंकियों के साथ-साथ उनके संरक्षकों को भी सुरक्षित ठिकाना नहीं मिलेगा. 

Loading Ad...

यह भी पढ़ें

गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ा जवाबी अभियान शुरू किया था, जिसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया. इस सैन्य कार्रवाई में भारतीय सेना ने महज चार दिनों के भीतर अपने अहम लक्ष्यों को हासिल कर लिया था. ऑपरेशन के दौरान भारत ने पीओके और पाकिस्तान में मौजूद नौ बड़े आतंकी अड्डों पर सटीक हमला किया. बताया गया कि ये ठिकाने लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज़बुल मुजाहिद्दीन जैसे आतंकी संगठनों के लॉन्चपैड के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे थे. भारतीय कार्रवाई के दायरे में सियालकोट और बहावलपुर जैसे इलाके भी शामिल थे. इस अभियान में 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई थी, जिनमें कई बड़े कमांडर भी शामिल बताए गए थे.

LIVE
अधिक →

Advertisement

Loading Ad...
Loading Ad...
Loading Ad...