मध्य पूर्व संघर्ष- दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईरानी ड्रोन हमला, एक भारतीय सहित चार लोग जख्मी
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के पास गिरे दो ड्रोन के कारण एक भारतीय सहित 4 लोग घायल हो गए, हालांकि एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन सामान्य रुप से जारी है.
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच बुधवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (DXB) पर ड्रोन हमले की घटना सामने आई है, जिसमें एक भारतीय नागरिक समेत कुल चार लोगों के घायल होने की खबर है. दुबई के अधिकारियों के अनुसार बुधवार सुबह हवाई अड्डे के नजदीक दो ड्रोन गिरे. इस घटना में घाना के दो नागरिकों और एक बांग्लादेशी नागरिक को मामूली चोटें आई, जबकि एक भारतीय नागरिक भी घायल हुआ है. हालांकि, घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बल एक्टिव मोड में आ गयें और जांच का सिलसिला शुरू कर दिया गया है. राहत की खबर यह है कि इस घटना के बावजूद एयरपोर्ट पर विमानों का आवागमन चालू है.
यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश जारी
आपको बता दें कि दुबई के दोनों प्रमुख हवाई अड्डों (दुबई इंटरनेशनल और अल मकतूम इंटरनेशनल) का प्रबंधन संभालने वाली 'दुबई एयरपोर्ट्स' ने जानकारी दी है कि 7 मार्च से उड़ानों का संचालन आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है. इससे पहले सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उड़ानों को कुछ देर के लिए रोक दिया गया था. इसके अलावा, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की पुष्टि होने के बाद ही
हवाई अड्डे के लिए निकलें.
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा
इससे पहले 1 मार्च को भी दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक क्षेत्र में ड्रोन हमले के कारण आंशिक क्षति हुई थी. प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पा लिया था. उस घटना में चार कर्मचारी घायल हुए थे, जिन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई. एयरपोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन का कहना है कि पूर्व-निर्धारित आपातकालीन योजना के कारण यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. गौरतलब हो कि दुबई एयरपोर्ट दुनिया का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है.
अब तक 40,000 से अधिक उड़ाने रद्द
आपको बता दें कि ईरान की ओर से हो रहे इन हमलों के चलते 28 फरवरी से मिडिल ईस्ट के सात मुख्य हवाई अड्डों पर 40,000 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं. इन हवाई अड्डों में दुबई इंटरनेशनल, दोहा का हमद इंटरनेशनल, अबू धाबी का जायद इंटरनेशनल, शारजाह इंटरनेशनल, कुवैत इंटरनेशनल, बहरीन इंटरनेशनल और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल एयरपोर्ट शामिल हैं.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement