‘हाई एंटीबॉयोटिक दिया जाएगा...’, ललन सिंह ने संसद में किसे लताड़ा? बोले- विपक्ष स्पीकर की गरिमा गिराना चाहता है
लोकसभा में स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जेडीयू सांसद ललन सिंह ने विपक्ष के नेताओं को जमकर फटकार लगाई. जानिए उन्होंने क्या कहा?
लोकसभा में उस समय काफी शोर-शराबा देखने को मिला, जब स्पीकर के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान केंद्रीय मंत्री और जेडीयू सांसद ललन सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला दिया. हंगामे के बीच ललन सिंह ने न केवल तीखे तेवर दिखाए, बल्कि उपचार और दवा जैसी शब्दावली का प्रयोग कर विपक्षी खेमे को चौंका दिया.
विपक्ष पर भड़के ललन सिंह
दरअसल, ललन सिंह विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे, तभी विपक्षी सदस्यों ने बीच में ही टोकना शुरू कर दिया. इसके बाद ललन सिंह भड़क गए और आक्रामक अंदाज में आ गए. विपक्षी सांसदों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “बैठिए न, आपको बता देंगे! पता है न, आपका इलाज हो चुका है. डॉक्टर ने आपकी बीमारी पकड़ ली है और अब आपको दवा दी जाएगी… और वो भी ‘हाई एंटीबायोटिक’ दी जाएगी!”
विपक्ष ने ललन सिंह के बयान का किया विरोध
ललन सिंह की इस टिप्पणी पर विपक्ष ने जोरदार हंगामा खड़ा कर दिया. विपक्षी सांसदों ने दावा किया कि एक सांसद सदन के अंदर दूसरे सम्मानित सदस्यों को सार्वजनिक रूप से धमका रहे हैं. वहीं, विपक्ष के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए ललन सिंह ने मुस्कराते हुए जवाब दिया- “हम धमकी कहां दे रहे हैं? हम तो बस दवाई दे रहे हैं.”
विपक्ष की मंशा पर जेडीयू सांसद ने उठाया सवाल
ललन सिंह ने आगे आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य स्पीकर के पद को दबाव में लाना है. उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि उन्हें नियमों के इतर ऐसी रियायतें मिलें जिससे सदन की गरिमा को नुकसान पहुंचे. जेडीयू सांसद ने व्यंग्य करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का स्तर गिराना विपक्ष की पुरानी फितरत रही है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement