Advertisement

'कयामत तक नहीं बन पाएगी बाबरी', फिर से निर्माण का सपना देखने वालों को CM योगी की चेतावनी! बंगाल तक सीधा संदेश

मुर्शिदाबाद में मस्जिद निर्माण विवाद के बीच CM योगी आदित्यनाथ ने कट्टरपंथियों को बड़ा संदेश दे दिया है. उन्होंने कहा, देश में राम विद्रोहियों के लिए कोई जगह नहीं है.

इतिहास के गड़े मुर्दे उखाड़ने वालों और मुगलिया आक्रांताओं की निशानियों को फिर से जिंदा करने की सोच रखने वालों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी चेतावनी दी है. CM योगी ने सख्त लहजे में कहा है कि आज-कल परसों तो क्या, कयामत तक बाबरी का ढांचा नहीं बनेगा. 

9 नवंबर 2019, देश की शीर्ष अदालत और तत्कालीन चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की बेंच. जब एक फैसले से देश के करोड़ों हिंदुओं की आस्था की जीत हुई. रामलला को उनका भव्य स्थान मिला और बाबर की निशानी हमेशा के लिए जिन्न के बोटल की तरह कैद हो गई, लेकिन देश की कट्टर ताकतें एक बार फिर उस जिन्न को बोटल से बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन वह भूल गए कि अब इन कोशिशों पर वार के लिए योगी आदित्यनाथ जैसे सनातनी बैठे हैं. जो बाबरी के ढांचे को कभी फिर से खड़ा नहीं होने देंगे. 

दरअसल, TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवा रहे हैं. इस मस्जिद का निर्माण 11 फरवरी से शुरू होने वाला है, लेकिन इससे पहले हिंदू संगठनों ने लखनऊ से मुर्शिदाबाद तक कूच का ऐलान कर दिया है. ये मामला गर्माया ही था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा दावा कर दिया. उन्होंने कहा, 

‘यह सरकार जो बोलती है कर के दिखाती है,जितना करती है उतना ही बोलती है. हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, कोई संदेह है? हम आज फिर इस बात को कह रहे हैं कि कयामत के दिन तक भी, कयामत का दिन तो कभी आना नही है, इसलिए बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण कभी होना नहीं है.’

दरअसल, योगी आदित्यनाथ बाराबंकी में श्री राम जानकी मंदिर में आयोजित दशम श्री हनुमान विराट महायज्ञ और श्री रामार्चा पूजन में भाग ले रहे थे. CM योगी ने बाराबंकी से बंगाल तक बड़ा संदेश दे दिया. जो बंगाल में चुनाव को देखते हुए भी काफी अहम है. 

‘कयामत का दिन नहीं आएगा’

CM योगी ने साफ, सख्त और अपने चिर-परिचित अंदाज में चेताया कि ‘जो कयामत के दिन आने का सपना देख रहे हैं, वह ऐसे ही सड़ गल जाएंगे, कभी वह दिन आने वाला नहीं है. उन्होंने राम मंदिर धर्म ध्वज का जिक्र करते हुए कहा, PM मोदी ने ने 25 नवंबर को अयोध्या धाम में आकर सनातन के प्रतीक श्रीराम मंदिर में भव्य केसरिया ध्वज का आरोहण किया था, ये केसरिया ध्वज हमेशा ही भारत के इस गौरव को आगे बढ़ाता रहेगा. 

रामद्रोहियो के लिए कोई जगह नहीं- CM योगी

बारांबकी में योगी आदित्यनाथ ने अवसरवाद की राजनीति करने वालों पर करारा प्रहार किया. उन्होंने साफ-साफ कहा कि कुछ लोग हैं, जो अवसरवादी रवैया अपनाते हैं. जब संकट आता है, तो राम याद आते हैं, बाकी राम को भूल जाते हैं. इसलिए भगवान राम भी उनको भूल चुके हैं. इन रामद्रोहियो के लिए कोई जगह नहीं बची, जो रामभक्तों पर गोली चला रहे थे, रामकाज में बाधक थे, जो लोग सपना देख रहे हैं बाबरी ढांचे का, उनको बता दे रहे हैं कि कयामत का दिन कभी नही आएगा.

किसे कहा- कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे 

CM योगी ने कहा- ‘कयामत के दिन के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो, यहां का कानून मानो, कानून मानोगे, कायदे से रहोगे, तो फायदे में रहोगे. नहीं तो आगे का रास्ता कहां जाता है. उन्होंने नफरतियों को कानून की भाषा बताते हुए कहा,  ‘अगर कानून कोई तोड़ेगा तो रास्ता सीधे जहन्नुम की ओर जाता है. कानून तोड़कर कोई जन्नत जाने का सपना देख रहा है, तो यह सपना कभी पूरा नही होने वाला है.’

उन्होंने कहा, दुनिया के अंदर तमाम झंझावातों और तूफानों को झेलते हुए, जो एक सभ्यता और संस्कृति आज भी पूरी गरिमा और गौरव के साथ खड़ी है. वह केवल हमारा सनातन धर्म और सनातन संस्कृति है.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE
अधिक →