पहलगाम टेरर अटैक के पीड़ित परिवारों के लिए CM फडणवीस का बड़ा ऐलान, मिलेगी ₹50 लाख सहायता राशि और सरकारी नौकरी
महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस ने पहलगाम टेरर अटैक के पीड़ितों को बड़ी राहत दी है. प्रत्येक मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का फैसला किया है. इसके अलावा सदस्यों को रोजगार देने और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की भी जिम्मेदारी लेने की भी बात कही है.
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के साथ पूरा देश खड़ा है. इन पीड़ित परिवारों को राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार मदद पहुँचाने में लगी हुई है. इसी के बीच महाराष्ट्र के मृतक नागरिकों के परिजनों के लिए देवेंद्र फडणवीस सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक में इस आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई. इतना ही नहीं उनके परिवारों को मदद पहुंचाने के लिए विशेष वित्तीय सहायता पैकेज को मंजूरी दी गई.
50 लाख रुपये की सहायता राशि और नौकरी
मंत्रिमंडल ने हमले में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का फैसला किया है. इस आर्थिक मदद के अलावा, सरकार दीर्घकालिक सहायता के तहत प्रभावित परिवारों के पात्र सदस्यों को रोजगार देने और बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की भी जिम्मेदारी लेगी.’ बैठक के बाद कैबिनेट की ओर से बताया गया कि ‘महाराष्ट्र सरकार इन दुखद क्षणों में अपने नागरिकों के साथ खड़ी है. हमने न केवल वित्तीय सहायता का निर्णय लिया है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पीड़ित परिवारों को भविष्य में भी किसी प्रकार की तकलीफ न हो.’
कैबिनेट बैठक में यह भी स्पष्ट किया कि सरकार केवल मुआवजे तक सीमित नहीं रहेगी. उन्होंने बताया, "हमने कल जगदाले परिवार की बेटी को नौकरी देने की चर्चा की थी. आज, मुख्यमंत्री के विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए कैबिनेट में उनके लिए सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया गया है.
महाराष्ट्र के 6 लोगों की गई थी जान
बता दें कि पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए टेरर अटैक में कुल 26 लोगों की जान गई थी. इसमें कई अलग अलग राज्यों के परिवार शामिल थे. वहीं सबसे ज्यादा मरने वालों की संख्या महाराष्ट्र की थी. महाराष्ट्र के कुल 6 लोगों की हत्या हुई थी. घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने 6 मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी. इसके अलावा अन्य राज्यों की सरकारों ने भी वहां के मृतकों के लिए मुआवजे का ऐलान किया था.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement