दुबई भागने की फिराक में था गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी, कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार
दुबई भागने की कोशिश कर रहे गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पश्चिम बंगाल पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया.
Follow Us:
धनबाद पुलिस ने दुबई भागने की कोशिश कर रहे गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, वह फर्जी दस्तावेजों के जरिए विदेश भागने की तैयारी में था और उड़ान भरने से ठीक पहले विशेष टीम ने उसे दबोच लिया.
दुबई भागने की फिराक में था गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सोमवार को बंटी खान की कमर में रस्सी बांधकर परेड कराई. बंटी खान लंबे समय से फरार चल रहा था. उसके खिलाफ धनबाद के अलग-अलग थानों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह कोलकाता में छिपा हुआ है और वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए दुबई जाने की फिराक में है. सूचना के आधार पर धनबाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की. टीम ने पश्चिम बंगाल पुलिस से संपर्क किया और कोलकाता में उसकी गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद एयरपोर्ट पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने उसके कब्जे से असली और फर्जी पासपोर्ट तथा वीजा से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं. पुलिस अब बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बंटी खान ने फर्जी पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज कैसे हासिल किए तथा विदेश भागने की उसकी योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे.
कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार प्रिंस खान
पुलिस उसके संपर्कों और फरारी के दौरान उसके ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है. बंटी खान की गिरफ्तारी को प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. इससे पहले कुछ माह पहले पुलिस ने गिरोह के प्रमुख गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था. वह भी दुबई भागने की कोशिश कर रहा था.
यह भी पढ़ें
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बंटी खान से पूछताछ में प्रिंस खान गिरोह के रंगदारी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और विदेश से संचालित गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है.