Advertisement
जुलाई में चमका ऑटो सेक्टर, भारत में वाहनों की रिटेल बिक्री में 26 प्रतिशत बढ़कर 25.91 लाख यूनिट्स रही
Auto Sector: फाडा के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि कोविड से प्रभावित वर्षों को छोड़ दें तो यह जुलाई का अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन है. हालांकि, जून के मुकाबले बिक्री लगभग स्थिर रही.
Advertisement
भारतीय ऑटो रिटेल इंडस्ट्री ने जुलाई में इतिहास रच दिया. पहली बार सभी वाहन श्रेणियों ने इस महीने में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन दर्ज किया. जुलाई के दौरान कुल 25,91,138 वाहनों की बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में 25.89 प्रतिशत अधिक है. यह जानकारी फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन्स (फाडा) ने गुरुवार को जारी की. फाडा के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि कोविड से प्रभावित वर्षों को छोड़ दें तो यह जुलाई का अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन है. हालांकि, जून के मुकाबले बिक्री लगभग स्थिर रही.
दोपहिया वाहनों की बिक्री पहली बार 18 लाख के पार
जुलाई में दोपहिया वाहनों की बिक्री 18,18,289 यूनिट्स रही, जिसमें सालाना आधार पर 28.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. यह पहली बार है जब जुलाई महीने में दोपहिया वाहनों की बिक्री 18 लाख का आंकड़ा पार कर गई. सालाना आधार पर शहरी इलाकों में दोपहिया वाहनों की बिक्री 27.86 प्रतिशत, जबकि ग्रामीण इलाकों में 28.59 प्रतिशत बढ़ी.
Advertisement
पैसेंजर व्हीकल की बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर
Advertisement
जुलाई में यात्री वाहनों (पीवी) की रिटेल बिक्री 4,16,555 यूनिट्स रही, जो पिछले साल के मुकाबले 19.13 प्रतिशत अधिक है. यह भी पहली बार हुआ है कि जुलाई में पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 4 लाख यूनिट्स के पार पहुंची.
ग्रामीण इलाकों में पीवी की बिक्री 24.72 प्रतिशत बढ़ी, जबकि शहरी क्षेत्रों में इसमें 15.76 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इससे साफ है कि इस बार ग्रामीण बाजार ने ज्यादा मजबूत प्रदर्शन किया.
रिकॉर्ड बिक्री के पीछे क्या रही वजह?
Advertisement
फाडा के मुताबिक, डीलरों ने इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय जीएसटी 2.0 के तहत किफायती कीमतों, नई गाड़ियों के लॉन्च और कंपनियों की आकर्षक स्कीमों को दिया. करीब 44.05 प्रतिशत डीलरों का मानना है कि वाहन कंपनियों की स्कीमों से बुकिंग बढ़ाने में काफी मदद मिली.
इसके अलावा, E20 ईंधन बदलाव को लेकर ग्राहकों की हिचकिचाहट के कारण भी कई खरीदार सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की ओर आकर्षित हुए.
कमर्शियल व्हीकल की बिक्री भी रही शानदार
जुलाई में कमर्शियल व्हीकल (सीवी) की रिटेल बिक्री 99,666 यूनिट्स रही, जो पिछले साल के मुकाबले 24.04 प्रतिशत अधिक है. यह जुलाई महीने में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री रही और पहली बार यह आंकड़ा 1 लाख यूनिट्स के बेहद करीब पहुंचा.
यहां भी ग्रामीण इलाकों ने बेहतर प्रदर्शन किया. ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री 29.37 प्रतिशत बढ़ी, जबकि शहरी इलाकों में यह बढ़ोतरी 19.36 प्रतिशत रही. इससे संकेत मिलता है कि माल ढुलाई की मांग अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रही.
Advertisement
थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर की बिक्री में भी जोरदार उछाल
थ्री-व्हीलर की बिक्री जुलाई में 1,33,778 यूनिट्स रही, जो पिछले साल की तुलना में 16.16 प्रतिशत अधिक है.यह भी जुलाई का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा। खास बात यह रही कि इस श्रेणी में ईवी की हिस्सेदारी 65.08 प्रतिशत तक पहुंच गई.
वहीं, ट्रैक्टर की बिक्री 1,17,349 यूनिट्स रही, जिसमें 28.10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. ग्रामीण इलाकों में यह वृद्धि 28.83 प्रतिशत रही, जो खरीफ की बुआई में तेजी और कृषि गतिविधियों के मजबूत होने का संकेत देती है.
यह भी पढ़ें
Input - IANS