'महिलाओं को हर महीने ₹3000, 6 महीने में UCC, 45 दिन में 7वां वेतन आयोग', बंगाल के लिए BJP ने मेनिफेस्टो में किए बड़े वादे
Bengal Election 2026: बीजेपी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए ‘भरोसा पत्र’ जारी किया है. कोलकाता में अमित शाह ने इसे लॉन्च करते हुए महिलाओं और युवाओं के लिए नकदी समेत कई वादे किए.
Follow Us:
Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. सत्ता पक्ष की टीएमसी हो या फिर विपक्ष की बीजेपी सभी जनता को लुभाने के लिए तमाम बयान और वादें कर रही हैं. इस बीच बीजेपी के चाणक्य माने जाने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है, इस संकल्प पत्र को पार्टी ने ‘भरोसा पत्र’ नाम दिया है. कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने इसे लॉन्च किया और साफ संकेत दिया कि पार्टी इस बार पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है.
भरोसे के साथ मैदान में उतरी बीजेपी
घोषणापत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह सिर्फ कागजी वादों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि बंगाल के भविष्य का रोडमैप है. उन्होंने इसे ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण का आधार बताया. शाह ने कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और पिछले कई सालों में जो उम्मीदें बनी थीं, वे पूरी नहीं हो पाईं.
LIVE: HM Shri @AmitShah releases BJP Sankalp Patra for West Bengal Assembly Election 2026 in Kolkata. #BhorosharShopothBJP https://t.co/lx9BFLbQru
— BJP (@BJP4India) April 10, 2026
महिलाओं और युवाओं पर खास फोकस
बीजेपी के इस घोषणापत्र में महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखा गया है. पार्टी ने वादा किया है कि सरकार बनने पर हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच महिलाओं के खाते में 3000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे. वहीं बेरोजगार युवाओं को भी 3000 रुपये मासिक भत्ता देने की बात कही गई है. इसके साथ ही 1 करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने का दावा भी किया गया है.
योजनाओं पर बड़े ऐलान
अमित शाह ने कहा कि बकाया डीए का भुगतान किया जाएगा और सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा. इसके अलावा आयुष्मान भारत समेत सभी केंद्रीय योजनाओं को पश्चिम बंगाल में पूरी तरह लागू करने का वादा किया गया है. उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने की भी बात कही, जिसे छह महीने के भीतर लागू करने का लक्ष्य बताया गया है.
घुसपैठ और सुरक्षा पर सख्त रुख
घोषणापत्र में सीमा सुरक्षा और घुसपैठ का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है. अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाएगी और सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि गौ तस्करी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और नदी-नालों में भी पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी.
रोजगार का रोडमैप
बीजेपी ने पहले 100 दिनों में औद्योगिक विकास का विस्तृत रोडमैप तैयार करने का वादा किया है. उत्तर बंगाल के विकास, दार्जिलिंग चाय को वैश्विक पहचान दिलाने और नए उद्योग स्थापित करने पर जोर दिया गया है. साथ ही युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए विशेष योजनाएं लाने की बात भी कही गई है.
महिलाओं की सुरक्षा और भागीदारी पर जोर
घोषणापत्र में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर भी खास ध्यान दिया गया है. पुलिस सहित सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया गया है. ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ बनाने और 75 लाख ‘लखपति दीदी’ तैयार करने की योजना भी इसमें शामिल है. आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का भी ऐलान किया गया है.
माफिया राज खत्म करने का वादा
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और माफिया राज को खत्म करने के लिए समयबद्ध योजना लागू की जाएगी. साथ ही राज्य के पिछले 15 वर्षों के कामकाज पर श्वेतपत्र लाने की बात भी कही गई है.
यह भी पढ़ें
फिलहाल बीजेपी के इस ‘भरोसा पत्र’ ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है. अब देखना होगा कि जनता इन वादों पर कितना भरोसा जताती है और चुनावी नतीजों में इसका कितना असर देखने को मिलता है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें