IPL 2026: ‘रफ्तार सिंह’ अशोक शर्मा का डेब्यू, संघर्ष से शिखर तक की कहानी
क्रिकेट के प्रति अशोक के जुनून को देखते हुए पिता ने जयपुर स्थित अरावली क्रिकेट एकेडमी में बेटे का एडमिशन करवा दिया, जो दिल्ली डेयरडेविल्स और राजस्थान के पूर्व लेग स्पिनर विवेक यादव की एकेडमी है.
Follow Us:
तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है. मंगलवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी इस मैच के साथ अशोक अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं.
‘रफ्तार सिंह’ क्यों कहलाते हैं अशोक?
'रफ्तार सिंह' के नाम से मशहूर अशोक 140-150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से विपक्षी टीम को काफी परेशान किया था.
गांव से आईपीएल तक का सफर
17 जून 2002 को जन्मे अशोक जयपुर के पास स्थित रामपुरा गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता नाथूलाल किसान हैं, जबकि मां गृहणी हैं. मां का सपना था कि बेटा सरकारी नौकरी करे. अशोक के बड़े भाई अक्षय भी क्रिकेट खेला करते थे. ऐसे में पिता नहीं चाहते थे कि दोनों बेटे क्रिकेट खेलें. वह चाहते थे कि अशोक पढ़ाई पर ध्यान दें, लेकिन बडे़ भाई ने अशोक की काबिलियत पहचान ली थी. उन्होंने अशोक के लिए क्रिकेट को त्याग दिया, ताकि छोटे भाई को अपना सपना पूरा करने का मौका मिल सके.
संघर्ष और मेहनत का दौर
क्रिकेट के प्रति अशोक के जुनून को देखते हुए पिता ने जयपुर स्थित अरावली क्रिकेट एकेडमी में बेटे का एडमिशन करवा दिया, जो दिल्ली डेयरडेविल्स और राजस्थान के पूर्व लेग स्पिनर विवेक यादव की एकेडमी है.
अशोक को एकेडमी पहुंचने के लिए रोजाना काफी लंबा सफर करना पड़ता था, जिसके बाद वह एकेडमी के हॉस्टल में ही रहने लगे. कोरोना महामारी के बीच अशोक के कोच विवेक यादव का निधन हो गया, जिससे अशोक को बड़ा झटका लगा, लेकिन उन्होंने खुद को इस सदमे से निकाला और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपील में जगह बनाई.
आईपीएल तक पहुंचने का सफर
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के लिए नेट बॉलर के तौर पर काम किया. इसके बाद अशोक शर्मा को आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 55 लाख रुपए में खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका. इसके बाद गुजरात टाइटंस ने इस खिलाड़ी पर 90 लाख रुपए का दांव खेला.
घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन
यह भी पढ़ें
अशोक फर्स्ट क्लास करियर में 4 मैच खेले हैं, जिसमें 29.71 की औसत के साथ 14 विकेट हासिल किए. वहीं, 7 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 13 विकेट हैं. अशोक ने अपने टी20 करियर में 10 मैच खेले हैं, जिसमें 15.63 की औसत के साथ 22 विकेट निकाले.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें