Advertisement

अमेरिका में लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का मिला शव, 6 दिनों से था लापता, जानें पूरा मामला

अमेरिका में 9 फरवरी से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद हो गया है. सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास, सैन फ्रांसिस्को ने इसकी पुष्टि की है.

Source: Social Media

अमेरिका से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. 9 फरवरी से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद कर लिया गया है. इस बात की पुष्टि सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास, सैन फ्रांसिस्को ने की है. दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए गहरा दुख व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना जताई.

साकेत कर्नाटक के तुमकुरु जिले के रहने वाले थे और अमेरिका की प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कली में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे. उन्हें आखिरी बार कैलिफोर्निया के टिल्डन रीजनल पार्क के पास एक झील के नजदीक देखा गया था. स्थानीय पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और बाद में उनका शव बरामद किया.

कैसे लापता हुए साकेत?

जानकारी के अनुसार साकेत को आखिरी बार बर्कली हिल्स इलाके में अंजा लेक के पास देखा गया था. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका पासपोर्ट और लैपटॉप झील के पास ही मिला था. 9 फरवरी को पिता से आखिरी बातचीत के बाद उनसे संपर्क टूट गया था. जब परिवार को कोई सूचना नहीं मिली तो दोस्तों और रूममेट्स से पूछताछ की गई. इसके बाद बर्कले पुलिस विभाग में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. 13 फरवरी को साकेत के माता पिता ने कर्नाटक सरकार से मदद की अपील की. राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया, ताकि खोजबीन तेज की जा सके और हर संभव सहायता मिल सके.

दूतावास ने क्या कहा?

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय में है. पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और सभी जरूरी औपचारिकताओं में परिवार की मदद की जा रही है. कांसुलर अधिकारी लगातार परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव सहयोग दे रहे हैं.

रूममेट ने क्या कहा?

साकेत के रूममेट बिनीत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए सबसे पहले उनके लापता होने की जानकारी साझा की थी. उन्होंने बताया कि इस घटना से वहां रहने वाला भारतीय समुदाय स्तब्ध है. उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को इमर्जेंसी वीजा दिलाने के प्रयास किए जा रहे थे, ताकि वे अमेरिका आ सकें.

पढ़ाई में काफी होनहार था साकेत 

साकेत ने भारत के प्रतिष्ठित IIT Madras से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था. वर्ष 2025 में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में मास्टर ऑफ साइंस प्रोग्राम में दाखिला लिया था. वह प्रोडक्ट डेवलपमेंट प्रोग्राम में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे और अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहे थे.

बताते चलें कि इस दुखद घटना ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे भारतीय समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है. एक होनहार छात्र की असमय मौत ने कई सवाल और भावनाएं पीछे छोड़ दी हैं. फिलहाल सभी की संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE