Advertisement
दिल्ली से मेरठ सफर होगा और आसान, नमो भारत ने बढ़ाई ट्रेनों की संख्या, रोजाना मिलेगा 1 लाख यात्रियों को फायदा
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर पीक आवर्स में 18 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की हैं.
Advertisement
दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर पीक आवर्स के दौरान ट्रेन सेवाओं में बड़ा विस्तार किया है. निगम ने सराय काले खां से मेरठ साउथ के बीच 10 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स शुरू करने की घोषणा की है. इससे पहले पिछले सप्ताह भी 8 अतिरिक्त ट्रेन फेरे बढ़ाए गए थे. अब कुल मिलाकर 18 नई ट्रिप्स यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करेंगी.
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर बढ़ी ट्रेनों की संख्या
एनसीआरटीसी के अनुसार नई समय-सारिणी के तहत सुबह के व्यस्त समय में सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक 10 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स संचालित की जाएंगी. वहीं शाम के पीक आवर्स में शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. इस कदम का उद्देश्य यात्रियों के प्रतीक्षा समय को कम करना, सीट उपलब्धता बढ़ाना और यात्रा को अधिक सहज एवं आरामदायक बनाना है.
Advertisement
नमो भारत सेवा का सबसे अधिक लाभ रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नियमित यात्रियों को मिलेगा. लगातार बढ़ती ट्रेन फ्रीक्वेंसी से लोगों को भीड़भाड़ और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी. दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और वर्तमान में लगभग एक लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवा का उपयोग कर रहे हैं.
Advertisement
भीषण गर्मी में नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को दे रही है राहत
एनसीआरटीसी का कहना है कि नमो भारत ट्रेनें तेज, सुरक्षित, विश्वसनीय और अत्याधुनिक क्षेत्रीय परिवहन का विकल्प बनकर उभरी हैं. दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ समेत एनसीआर के कई हिस्सों में इन दिनों तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है. भीषण गर्मी और लू के बीच पूरी तरह वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को राहत प्रदान कर रही हैं. सड़क मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक जाम और गर्मी के कारण यात्रा चुनौतीपूर्ण होती जा रही है.
Advertisement
PM मोदी ने लोगों से की सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील
ऐसे में नमो भारत ट्रेनें न केवल तेज और आरामदायक सफर उपलब्ध करा रही हैं, बल्कि लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित कर रही हैं. इससे पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की थी.
यह भी पढ़ें
एनसीआरटीसी की यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. एनसीआरटीसी ने कहा कि यात्रियों की सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी जरूरत के अनुसार सेवाओं का विस्तार जारी रहेगा. पीक आवर्स में ट्रेनों की संख्या बढ़ाना एनसीआर में सतत और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है.