रामलीला मैदान की रैली से व्यापारियों पर आफत! CTI ने राहुल गांधी को फिर लिखी चिट्ठी, कहा- 12 हजार करोड़ का कारोबार चौपट
रैली से एक दिन पहले राहुल गांधी ने लोगों से अपील की थी कि जो भी रैली में शामिल हो, बाजार से खरीदारी करे, लेकिन व्यापारियों का कहना है कि जब रास्ते ही बंद होंगे तो लोग बाजार तक पहुंचेंगे कैसे?
Follow Us:
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने एक बार फिर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेटर लिखा है. CTI ने रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली के कारण व्यापार प्रभावित होने और राहुल गांधी की अपील पर बात की.
सीटीआई ने दिल्ली के बाजारों में खरीद के लेकर लोगों से राहुल गांधी की अपील का स्वागत किया, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि असल में हालात जमीन इसके उलट हैं. CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा,
‘राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी करके रैली में आने वाले लोगों से कहा है कि बाजारों में जाकर खरीददारी करें और व्यापारियों की मदद करें, लेकिन रैली के कारण इतना ज्यादा पैनिक फैल चुका है जिसके कारण रामलीला मैदान के आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें (80 प्रतिशत) बंद रहने के आसार हैं. जब दुकानें ही बंद रहेंगी तो रैली में शामिल होने वाले खरीददारी करने कहां जाएंगे.’
व्यापारियों ने राजनीति करने के आरोपों को किया खारिज
बृजेश गोयल ने उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें उन्हें BJP का एजेंट बताया गया. CTI चेयरमैन ने कहा, ‘हमें BJP का एजेंट बताया जा रहा है. 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने आपसे रैली टालने की अपील की थी. ये सब किसी पार्टी के एजेंट नहीं हैं. ये दिल्ली के व्यापारी हैं. इनका काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं. हम किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं, हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगा रहे थे.’
3 लाख दुकानें बंद होने का दावा
CTI के अनुसार, रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में जो बड़े बाजार हैं, उनमें कश्मीरी गेट, मोरी गेट, जनपथ, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, अजमेरी गेट, दरियागंज, पहाड़गंज, कमला मार्केट, जामा मस्जिद, भागीरथ पैलेस, लाजपत राय मार्केट, किनारी बाजार, दरीबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार और गफ्फार मार्केट शामिल हैं. सीटीआई ने बताया कि इन बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानें हैं.
बृजेश गोयल ने कहा, जो सूचना हमें सुबह से मिल रही है, उसके हिसाब से आज लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहेंगी और 80 प्रतिशत व्यापार पूरी तरह ठप रहेगा. सेंट्रल दिल्ली और मध्य दिल्ली पूरी तरह जाम और चोक रहने की आशंका है. सबसे बड़ा संकट ट्रांसपोर्ट का है. आज रामलीला मैदान के इर्द-गिर्द 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी ट्रांसपोर्ट हैं, वो लगभग बंद रहेंगे. लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होगी, माल की आवाजाही नहीं होगी और गाड़ियां माल लेकर आ-जा नहीं पाएंगी.
यह भी पढ़ें- ‘रामलीला मैदान में फिर लगेगा ठगों का मेला’, विपक्ष के मार्च पर BJP ने जारी किया पोस्टर, देश विरोधी साजिश का आरोप
उन्होंने यह भी कहा कि रोजाना नरेला, बवाना, ओखला, मायापुरी, मुंडका, उद्योग नगर सहित 56 इंडस्ट्रियल एरिया से 5000 ट्रक-टेंपो माल लेकर इन बाजारों में आते हैं और यहां से 3000 ट्रक एनसीआर समेत पूरे देश में जाते हैं. आज वो सारी चेन टूट गई है. धनतेरस का माल गोदाम में पड़ा है, दुकान तक नहीं पहुंच पा रहा.
CTI ने अपने पत्र में कहा कि 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दिवाली है. 1 नवंबर उसकी तैयारी का सबसे पीक दिन है. अगर बाजार बंद और ट्रांसपोर्ट ठप रहा है, तो रोजाना होने वाला 10-12 हजार करोड़ का कारोबार ठप हो जाएगा. 20 लाख व्यापारियों और 75 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर संकट है.
CTI ने एक बार फिर रैली को रद्द करने की अपील की. व्यापारियों ने कहा, ‘हम फिर कह रहे हैं, हम रैली के विरोधी नहीं हैं, रैली करिए, लेकिन 20 बाजारों के दिवाली व्यापार की कीमत पर नहीं. राहुल गांधी जी, आप कह रहे हैं बाजार में जाओ, लेकिन जब बाजारें-दुकानें ही बंद रहेंगी, ट्रांसपोर्ट ही ठप रहेगा और रास्ते ही बंद रहेंगे, तो रैली में आने वाले लोग कहां जाएंगे खरीदारी करने? पहले रास्ता तो खुला रखिए.’
यह भी पढ़ें
ये चौथी बार है जब CTI ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिखी है. इससे पहले 24 अक्टूबर, 27 अक्टूबर और 28 अक्टूबर को लेटर लिखा था.