जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

गोरखपुर में 500 से ज्यादा उद्योगों में 50 हजार युवाओं को मिला रोजगार, CM योगी बोले- यूपी कर्फ्यू और दंगा मुक्त, कानून का राज

मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बंटने से बचने को कहा. उन्होंने कहा कि बंटेंगे तो कर्फ्यू, दंगा, अराजकता और गुंडागर्दी करने वाले तत्वों को फिर अवसर मिलेगा. साफ नीयत, स्पष्ट नीति और जनता को ध्यान में रखकर सरकार आगे बढ़ती है तो उसके परिणाम भी सामने आते हैं.

गोरखपुर में 500 से ज्यादा उद्योगों में 50 हजार युवाओं को मिला रोजगार, CM योगी बोले- यूपी कर्फ्यू और दंगा मुक्त, कानून का राज
Image Credits: IANS
Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को दी जा रही पेंशन की संख्या भी बढ़ेगी और राशि भी. अभी प्रदेश में 1.10 करोड़ वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन की सुविधा दी जा रही है. उन्होंने कहा, “बहुत शीघ्र इसकी संख्या भी बढ़ेगी और इसकी राशि भी बढ़ेगी.” इसके साथ ही अगले छह महीने में एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी. इसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी.
 
मुख्यमंत्री योगी बुधवार को उर्वरक नगर में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने गोरखपुर में करीब 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उर्वरक नगर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का फीता काटकर लोकार्पण किया और पौधरोपण कर मंत्रोच्चार के बीच जल अर्पित किया.
 
सात अक्तूबर से एक सप्ताह लगेंगे कैंप

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोई निराश्रित बुजुर्ग, निराश्रित महिला या दिव्यांगजन हो, उसे इस बात की चिंता नहीं करनी चाहिए कि आगे उसका गुजर-बसर कैसे होगा. सरकार की पेंशन सुविधा उसका संबल बनेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल सात अक्तूबर को पूरा हो रहा है. सात अक्तूबर से एक सप्ताह तक कैंप लगाए जाएंगे. इनमें सरकार की विभिन्न योजनाओं से छूटे पात्र लोगों को योजनाओं से संतृप्त किया जाएगा.
 
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गरीब को राशन, आवास, शौचालय और उज्ज्वला योजना के कनेक्शन का लाभ मिल रहा है. गरीब परिवार को प्रधानमंत्री मुफ्त अन्न योजना के माध्यम से राशन की गारंटी है. बेटियों के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना उपलब्ध है. सरकार का उद्देश्य गरीबी समाप्त कर गरीब व्यक्ति को सामान्य जीवनयापन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
 
छह महीने में एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगले छह महीने के अंदर विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले प्रदेश में एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत 19 सितंबर से की जा रही है. इनमें 77 हजार भर्तियां यूपी पुलिस और होमगार्ड में होंगी. इससे पहले साढ़े नौ लाख नौजवानों को नौकरी दी जा चुकी है.
 
उन्होंने कहा कि माध्यमिक, बेसिक और अन्य विद्यालयों में टीजीटी, पीजीटी और बेसिक शिक्षा परिषद के शहरी क्षेत्रों में हजारों शिक्षकों की नियुक्ति के विज्ञापन जारी हो गए हैं और आवेदन मांगे जाने शुरू हो गए हैं.
 
मुख्यमंत्री योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले नौकरी निकलती थी तो ‘सैफई सिंडिकेट’ वसूली के लिए निकल पड़ता था. नौकरियों में सौदेबाजी होती थी, न्यायालय से रोक लगती थी और नौजवानों का जीवन और भविष्य प्रभावित होता था.
 
करीब 40 करोड़ की 119 परियोजनाओं की सौगात

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी ने समारोह में गोरखपुर के विकास से जुड़ी करीब 40 करोड़ रुपये की 119 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. कार्यक्रम में वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से गोरखपुर में हुए विकास कार्यों को भी दिखाया गया.
 
मुख्यमंत्री योगी ने नकहा पुल, रेलवे ओवरब्रिज, फोरलेन सड़कों, स्पोर्ट्स कॉलेज और सैनिक स्कूल समेत शहर में उपलब्ध हुई सुविधाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि बरगदवा से नकहा, स्पोर्ट्स कॉलेज और पादरी बाजार होते हुए मोहद्दीपुर तक फोरलेन की सुविधा मिली है. गोरखनाथ से स्पोर्ट्स कॉलेज, फर्टिलाइजर से झुंगिया गेट और असुरन से मेडिकल कॉलेज होते हुए भटहट तक मार्ग फोरलेन हुए हैं.
 
उन्होंने रुस्तमपुर, आजाद चौक और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बने लंबे फ्लाईओवर का भी जिक्र किया. रामगढ़ताल के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह देश-दुनिया के लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है.
 
गरीब बेटी की शादी से सम्मेलन तक के काम आएगा मंडपम

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कुछ महीने पहले उर्वरक नगर में जिस स्थान पर डेढ़ से दो मीटर का गड्ढा और कूड़ा-गंदगी थी, वहां अब शानदार कल्याण मंडपम बन गया है. इसमें गरीब परिवार की बेटी की शादी, बच्चे का मुंडन संस्कार, प्रवचन, सम्मेलन और गोरखपुर के विकास से जुड़ी बैठकें भी हो सकेंगी.
 
उन्होंने कहा कि महानगर में ऐसे स्थान चिह्नित किए गए जहां महंगे होटल नहीं हैं और लोग बड़े बारात घरों का खर्च नहीं उठा सकते. इसके बाद तय किया गया कि कुछ कल्याण मंडपम विधायक निधि, कुछ नगर निगम और कुछ गोरखपुर विकास प्राधिकरण बनाएगा.
 
उन्होंने बताया कि बाबा गंभीरनाथ वार्ड मानबेला, जंगल तुलसीराम बिछिया, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर में बने कल्याण मंडपम का उपयोग शुरू हो चुका है. उर्वरक नगर का मंडपम अब जनता को समर्पित कर दिया गया है. दो अन्य मंडपम निर्माणाधीन हैं और विधायक निधि से एक और स्वीकृत किया गया है. इस तरह महानगर के अलग-अलग हिस्सों में कुल 10 कल्याण मंडपम की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया गया है.
 
उर्वरक नगर का कल्याण मंडपम करीब 3.09 करोड़ रुपये की लागत से 2461 वर्गमीटर में बनाया गया है. इसमें बड़ा हॉल, मिनी हॉल, चार कमरे, मांगलिक कार्यक्रमों के लिए मंडप, भोजनालय और पार्किंग की व्यवस्था है.
 
गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग, 50 हजार को नौकरी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अकेले गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग लगे हैं. इनमें करीब 50 हजार नौजवानों को नौकरी मिली है. पहले यहां के युवाओं को रोजगार के लिए पंजाब, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई जाना पड़ता था.
 
उन्होंने कहा कि अब गीडा में गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, मऊ, संतकबीरनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर समेत आसपास के जिलों के नौजवानों को नौकरी मिल रही है. दूसरे राज्यों और देशों से भी युवा यहां आकर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं.
 
यूपी कर्फ्यू मुक्त, दंगा मुक्त : मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसी शहर में नागरिक सुविधाओं और विकास के लिए कानून का राज और सुरक्षा का बेहतर वातावरण जरूरी है. 2017 में सरकार बनने के बाद प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण देने का काम किया गया. उन्होंने कहा, “आज यूपी कर्फ्यू मुक्त है, दंगा मुक्त है. उत्तर प्रदेश में कानून का राज है.”
 
उन्होंने कहा कि अपराधी या तो जेल में हैं या दूसरे लोक की यात्रा में जा चुके हैं. अब कोई खुलेआम किसी को धमकी नहीं दे सकता, अपहरण नहीं कर सकता, किसी बेटी को जबरन उठाने का दुस्साहस नहीं कर सकता और किसी व्यापारी से फिरौती नहीं वसूल सकता.
 
फिर चालू हुआ फर्टिलाइजर, गोरखपुर को मिला सैनिक स्कूल

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के समय बंद हुए फर्टिलाइजर कारखाने को डबल इंजन सरकार ने फिर से चालू किया. उन्होंने सैनिक स्कूल का जिक्र करते हुए बताया कि बुधवार दोपहर उन्हें छठी कक्षा का एक बच्चा मिला. पूछने पर उसने बताया कि वह फर्टिलाइजर स्थित सैनिक स्कूल में पढ़ता है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब गोरखपुर के बच्चे अपने ही शहर में सैनिक स्कूल का लाभ लेकर सैन्य अधिकारी और बड़े अधिकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं.
 
उन्होंने कहा कि गोरखपुर में एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज समेत स्वास्थ्य के बड़े संस्थान हैं. नई सड़कें, फ्लाईओवर और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित हुई हैं.
 
यूपी अब बीमारू नहीं, ग्रोथ इंजन की निभा रहा भूमिका

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के सामने पहचान का संकट था. अब उत्तर प्रदेश बीमारू नहीं है और भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो, एयर कनेक्टिविटी, नए एयरपोर्ट और नए कल-कारखाने प्रदेश की नई पहचान बन रहे हैं.
 
जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर न बंटें

मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बंटने से बचने को कहा. उन्होंने कहा कि बंटेंगे तो कर्फ्यू, दंगा, अराजकता और गुंडागर्दी करने वाले तत्वों को फिर अवसर मिलेगा. साफ नीयत, स्पष्ट नीति और जनता को ध्यान में रखकर सरकार आगे बढ़ती है तो उसके परिणाम भी सामने आते हैं.
 
न्यूनतम मूल्य पर कर सकेंगे आयोजन : महापौर
 
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कल्याण मंडपम के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि यहां न्यूनतम मूल्य पर शादी, मुंडन और अन्य मांगलिक व सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे.
 
2017 से पहले हर तीन दिन में बिजली के लिए होता था धरना : धर्मेंद्र
 
विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर के साथ विकास में भेदभाव किया जाता था. हर तीन दिन में बिजली को लेकर धरना होता था. सड़कें टूटी थीं और कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी. उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में विकास का मॉडल खड़ा हुआ है. गोरखपुर में करीब दो दर्जन फ्लाईओवर बने हैं और एम्स की सुविधा उपलब्ध हुई है. उन्होंने कल्याण मंडपम के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया.
 
कार्यक्रम में कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह, विधायक विपिन सिंह, पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला, बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान, चौरीचौरा विधायक श्रवण निषाद, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, राजेश गुप्ता, जीडीए बोर्ड सदस्य राधेश्याम श्रीवास्तव, पवन त्रिपाठी, दुर्गेश बजाज और पार्षद आनंद कुमार साहनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे. पार्षद आनंद कुमार साहनी ने मुख्यमंत्री योगी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
G
Guest (अतिथि)
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें