CM योगी का बड़ा आदेश, भर्ती परीक्षाओं और प्रमोशन में धांधली पर लगेगी लगाम, नए दिशा-निर्देश जारी
UP: CM योगी ने पुलिस भर्ती बोर्ड की समीक्षा में 81 हजार से अधिक पदों पर समय से भर्ती कराने के निर्देश दिए. कहा कि भर्ती और पदोन्नति प्रक्रिया में तकनीकी निगरानी बढ़ाएं. मृतक आश्रित कोटे में मानवीय आधार पर नियम सरल करने को भी कहा.
Follow Us:
CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी को और सुदृढ़ किया जाए तथा प्रत्येक चयन आरक्षण मानकों का पूर्ण पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को और अधिक सक्षम, आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में यह वर्ष महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रदेश पुलिस बल में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है. मुख्यमंत्री शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे.
81,000 से अधिक पदों पर भर्ती अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती एवं पदोन्नति की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी हों और अभ्यर्थियों की सुविधा तथा पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने भर्ती बोर्ड की विश्वसनीय कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए नियमित मॉनीटरिंग और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए.
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में भर्ती बोर्ड के माध्यम से कुल 81,472 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है. इनमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 4,543, होमगार्ड्स के 41,424, आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 32,679, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,352, उप निरीक्षक (गोपनीय) एवं पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लिपिक एवं लेखा) के 537, प्रोग्रामर ग्रेड-2 के 55, रेडियो सहायक परिचालक के 44, कुशल खिलाड़ी भर्ती के 637 तथा मृतक आश्रित भर्ती के 201 पद शामिल हैं.
विभिन्न भर्तियों की वर्तमान स्थिति
समीक्षा में विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति की जानकारी दी गई. उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के लिए डीवी/पीएसटी जून में तथा अंतिम परिणाम जुलाई के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है. होमगार्ड्स नामांकन-2025 के अंतर्गत डीवी/पीएसटी जुलाई में, पीईटी अगस्त में तथा अंतिम परिणाम सितंबर के दूसरे सप्ताह में जारी किए जाने की योजना है. आरक्षी एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रस्तावित है, लगभग 28 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इसका अंतिम चयन परिणाम अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक घोषित करने का लक्ष्य है.
अंतिम चयन परिणाम अक्टूबर 2026 तक
कुशल खिलाड़ी भर्ती के अंतर्गत सभी 25 खेल विधाओं में परीक्षण सम्पन्न हो चुका है और अंतिम परिणाम जून 2026 के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है. अन्य तकनीकी एवं लिपिकीय संवर्गों की भर्तियों के लिए भी चरणबद्ध कार्यवाही जारी है. मृतक आश्रित भर्ती के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने मानवीय और व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों को सरल बनाने के निर्देश दिए.
9,406 पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया जारी
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कुल 9,406 पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया संचालित है. संबंधित विभागीय परीक्षाएं और मूल्यांकन प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं तथा चरणबद्ध रूप से परिणाम जारी किए जाएंगे.
2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन
यह भी पढ़ें
समीक्षा में यह भी अवगत कराया गया कि वर्ष 2017 से मई 2026 तक भर्ती बोर्ड द्वारा विभिन्न संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण पुलिस बलों में से एक है. भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रियाओं को तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाकर पुलिस बल को और अधिक सशक्त किया जाएगा. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं ताकि योग्य युवाओं को अवसर मिले और प्रदेश की कानून-व्यवस्था निरंतर सुदृढ़ हो.