CM नायब सैनी का कांग्रेस और ममता सरकार पर हमला, महिला आरक्षण पर भी घेरा
गुरुग्राम में सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पीएम मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके पास कहने के लिए अब कुछ नहीं बचा है.
Follow Us:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए टीएमसी सरकार पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी का वहां की जनता बहुत बुरा हाल करने वाली है. महिला वोटर ऐसी सरकार चाहती हैं जहां सम्मान और आरक्षण मिले. ममता बनर्जी नहीं चाहती हैं कि बंगाल की महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिले.
बंगाल और महिला वोटर्स पर बयान
गुरुग्राम में सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पीएम मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके पास कहने के लिए अब कुछ नहीं बचा है. अब उनके पास मोदी के लिए सिर्फ गालियां ही हैं. कांग्रेस के पास 55 साल थे. देश को बदलने के लिए, गरीबों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए 55 साल थे. कांग्रेस ने वह मौका गवां दिया.
खड़गे के बयान पर पलटवार
खड़गे का बयान कांग्रेस की घोर हताशा और उनके गिरते राजनीतिक स्तर का प्रमाण है. इससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के पास न तो मुद्दे बचे हैं और न ही जनसमर्थन. जब-जब भारत मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों को छूता है, तब-तब कांग्रेस मर्यादा छोड़कर व्यक्तिगत अपमान की राजनीति को चुनती है. कांग्रेस का इतिहास हमेशा से प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक भाषा के प्रयोग का रहा है. देश की जनता अब विकास, राष्ट्रहित और सम्मान की राजनीति के साथ है, जबकि कांग्रेस नकारात्मकता और निम्नस्तरीय बयानबाजी तक सिमट चुकी है. इसी बौखलाहट में वह लगातार ओछी और देशविरोधी राजनीति पर उतर आई है. जनता इस निम्न स्तर की राजनीति का करारा जवाब देगी.
हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र 27 अप्रैल को
वहीं, गुरुग्राम में बुधवार को हरियाणा कैबिनेट की बैठक हुई. इस बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि 27 अप्रैल को हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा. इस सत्र में 'हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज बिल, 2026' पेश किया जाएगा. माना जा रहा है कि इस सत्र में भाजपा विपक्ष के खिलाफ 'नारी शक्ति वंदन' बिल को लेकर निंदा प्रस्ताव ला सकती है.
महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा
सीएम सैनी ने महिला आरक्षण के खिलाफ विपक्ष के रवैये पर कहा कि हम सभी ने देखा कि 17 अप्रैल को लोकसभा में क्या हुआ, जहां विपक्ष ने भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोकने और कुचलने का काम किया और उनके सपनों को बेरहमी से तोड़ दिया.
उन्होंने कहा कि खेलों में हमारी बेटियों को देखिए, वे सोने के पदक ला रही हैं. यह सब पीएम मोदी के नेतृत्व में हो रहा है. आज अगर हम देखें, तो हमारी महिलाएं सीमाओं पर सेना में हमारी रक्षा और सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़ी हैं. कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहता हूं कि महिलाओं को कमजोर क्यों समझा है. कांग्रेस के लोग महिलाओं को चारदीवारी में क्यों कैद करना चाहते हैं. पीएम मोदी ने हर घर शौचालय बनवाया, उनके जीवन में परिवर्तन आया. महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है.
पीएम मोदी ने महिलाओं को आवास योजना दी. हरियाणा में एक लाख 60 हजार मकान बनवाकर उन्हें सशक्त किया गया है.
पहलगाम आतंकी हमले पर श्रद्धांजलि
यह भी पढ़ें
इसी बीच, सीएम नायब सैनी ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में प्राण गंवाने वाले सभी निर्दोष व निहत्थे नागरिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि. हर भारतीय इस दुःखद घटना को कभी नहीं भूलेगा. इस अपूरणीय क्षति से जूझ रहे शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. हम सभी देशवासी हर शोक और संकल्प में एकजुट हैं. यह नया भारत किसी भी प्रकार के आतंक के समक्ष नहीं झुकेगा और आतंकवादियों के मसूबों को कभी सफल नहीं होने देगा.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें