अहमदाबाद प्लेन हादसा: दिवंगत पायलट पर दोष मढ़ने की कोशिश, विदेशी मीडिया के दावे को सरकार ने किया खारिज
12 जून 2025 को हुए एअर इंडिया प्लेन क्रैश में 241 लोगों की मौत हो गई थी. हादसे के बाद वॉल स्ट्रीट जर्नल और अब इटली के अखबार ने पायलट सुमित सभरवाल की गलती होने का दावा किया है.
Follow Us:
जून 2025 में हुए अहमदाबाद प्लेन हादसे में विदेशी मीडिया के दावे को भारत सरकार ने खारिज कर दिया है. पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल और अब इटली के अखबार में हादसे की वजह पायलट की गलती बताई गई थी. विदेशी मीडिया के इन दावों अब केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सिरे से खारिज कर दिया है.
दरअसल, इटली के एक अखबार ने हाल ही में दावा किया था कि यह हादसा किसी टेक्निकल खराबी की वजह से नहीं हुआ था. अखबार ने लिखा था कि पायलट ने जानबूझकर इंजन के फ्यूल स्विच को बंद कर दिया था. अखबार ने पायलट सुमित सभरवाल पर दोष मढ़ने की कोशिश की.
विदेशी रिपोर्ट पर सरकार ने क्या कहा?
केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने अखबार का खंडन करते हुए कहा, ‘जांच अभी जारी है मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि हमारी जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. हमें अपनी एजेंसियों पर भरोसा करना चाहिए या बाहरी लोगों पर? हमारी एजेंसियां इस पर काम कर रही हैं. अंतिम रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही उस पर टिप्पणी करना उचित होगा.’
इससे पहले वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) विदेशी मीडिया की रिपोर्ट्स को गलत और अटकलों पर आधारित बताया था. AAIB ने पिछले साल अपनी शुरुआती जांच में कहा था कि हादसे का शिकार होने से पहले प्लेन के फ्यूल स्विच बंद कर दिए गए थे. रिपोर्ट में कहा गया है कि ईंधन नियंत्रण स्विच एक के बाद एक ‘कटऑफ’ स्थिति में आ गए. हालांकि लगभग 10 सेकंड बाद स्विच वापस चालू कर दिए गए, लेकिन इंजन पहले ही जल चुके थे, जिससे दुर्घटना हुई. इसके बाद सुमित सभरवाल के पिता ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की.
सुमित सभरवाल के पिता ने सुप्रीम कोर्ट में लगाई थी गुहार
इससे पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल में भी हादसे के लिए पायलट को जिम्मेदाप बताया गया था. इसके खिलाफ और हादसे की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर सुमित सभरवाल के पिता पुष्कर राज सभरवाल ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.
यह भी पढ़ें- AI शिखर सम्मेलन की मेजबानी पर भारत की तारीफ, UN चीफ बोले- सही दिशा में बढ़ रहा देश
पुष्कर राज की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के लिए पायलट को दोषी नहीं ठहराया जा सकता. कोर्ट में सुमित सभरवाल के पिता ने गुहार लगाते हुए कहा, मेरी उम्र 91 साल है, मैं विमान के कमांडर का पिता हूं. यह एक गैर स्वतंत्र जांच है. इसमें चार महीने लग गए. एयर एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो जो जांच कर रहा है वह स्वतंत्र नहीं है. इस पर जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉय माल्या बागची की बेंच ने कहा, देश में कोई भी यह नहीं मानता कि यह पायलट की गलती थी. शुरुआती जांच में भी पायलट के खिलाफ कोई आरोप नहीं है.
12 जून 2025 को एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, लेकिन उड़ान भरने के चंद मिनट के अंदर ही प्लेन क्रैश हो गया. हादसे में फ्लाइट सवार 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर समेत 241 लोगों की मौत हो गई थी. जबकि एक यात्री सुरक्षित बच गया था. वहीं, प्लेन एक मेडिकल कॉलेज पर गिरा था वहां मौजूद 29 लोग मारे गए थे. हादसे में गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी का भी निधन हो गया.
यह भी पढ़ें
टिप्पणियाँ 0
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें