गुजरात के मेहसाणा में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
कार सवार परिवार राजस्थान में शादी समारोह से लौट रहा था. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 6 लोगों की हालत गंभीर है.
Follow Us:
गुजरात (Gujarat) के मेहसाणा (Mehsana) जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां डिवाइडर से टकराकर एक कार पलट गई. जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी. जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया है.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अहमदाबाद के रामोल इलाके में हुआ था. कार सवार परिवार राजस्थान में शादी समारोह से लौट रहा था. इस दौरान ऊंझा के उनावा के पास कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसा होते ही मौके पर ही चीख-पुकार मच गई. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई.
हादसे में इन लोगों ने गंवाई जान
पुलिस ने बताया कि उनावा के पास पहुंचते ही ईको कार के ड्राइवर ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया, जिससे वह बीच के डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में पिता-पुत्र, एक महिला और एक बच्चे सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई है. इनकी पहचान रामलाल कुमावत, कैलाश कुमावत, कोमल कुमावत के रूप में हुई है. जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. हादसे में घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है.
उनावा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ आगे की कार्रवाई तेज कर दी है. बताया जा रहा है कार सवार कुमावत परिवार मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है. फिलहाल सभी लोग अहमदाबाद के रामोल में रहते हैं.
वलसाड में हुई थी 7 लोगों की मौत
यह हाल ही में गुजरात में हुआ दूसरा बड़ा सड़क हादसा है. इससे पहले, यहां के वलसाड जिले में कपारड़ा–नानापोंढा हाईवे पर कुंभघाट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी. पुलिस ने बताया कि मृतक कपारड़ा तालुका के अंबा जंगल गांव के निवासी थे. हादसे के समय कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं.
यह भी पढ़ें- बोनट पर लटका पीड़ित लगाता रहा गुहार, ड्राइवर ने नहीं रोकी कार… तड़पकर तोड़ा दम, लखनऊ में फिर हिट एंड रन
यह दुर्घटना कुंभघाट के उस तीखे मोड़ पर हुई, जिसे अधिकारी पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र बताते रहे हैं. ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. दो गंभीर रूप से घायल पुरुषों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement