Advertisement
अचानक टूटा संपर्क, फिर समुद्र में समा गया कार्गो जहाज... 24 क्रू में से 2 सुरक्षित, बाकी की तलाश जारी
ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में MV ओशन विनर डूब गया. जहाज पर 24 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से 2 को भारतीय तटरक्षक बल ने बचा लिया है. बाकी की तलाश जारी है.
Advertisement
ओडिशा के तट से दूर बंगाल की खाड़ी में एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया. पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज MV ओशन विनर समुद्र में डूब गया. हादसे के समय जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे. इस जहाज में में 20 चीनी नागरिक, म्यांमार के तीन नागरिक और बांग्लादेश का एक नागरिक शामिल था. भारतीय तटरक्षक बल ने अब तक दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि बाकी सदस्यों की तलाश जारी है.
सिंगापुर जा रहा था जहाज
जानकारी के मुताबिक, MV ओशन विनर (Ocean Winner) ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से करीब 240 समुद्री मील दूर डूबा. जहाज 20 अगस्त की रात पारादीप तट से रवाना हुआ था और सिंगापुर की ओर जा रहा था. आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसके अंदर करीब 1700 टन आयरन ओर फाइन्स यानी लौह अयस्क मौजूद था. यात्रा के दौरान अचानक जहाज से संपर्क टूट गया, जिसके बाद भारतीय एजेंसियों को अलर्ट किया गया.
Advertisement
नौसेना और तटरक्षक बल ने संभाला मोर्चा
Advertisement
संपर्क टूटने की सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने तुरंत संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया. समुद्र में मौजूद आसपास के जहाजों को भी सतर्क किया गया और लापता क्रू सदस्यों की तलाश में मदद करने के लिए कहा गया. खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच बचाव अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.
दो क्रू सदस्यों को बचाया गया
Advertisement
शुरुआत में जहाज पर सवार लोगों में से कितने लोगों को बचाया गया है, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी. बाद में भारतीय तटरक्षक बल ने पुष्टि की कि दो क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. अब सबसे बड़ी चुनौती बाकी लोगों का पता लगाना है.
यह भी पढ़ें
बहरहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि MV ओशन विनर आखिर किन परिस्थितियों में डूबा. हादसे की वजह जानने के लिए आगे की जांच महत्वपूर्ण होगी. वहीं, लापता क्रू सदस्यों के परिवारों की नजर अब बचाव अभियान से जुड़ी हर नई जानकारी पर टिकी है. भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना की टीमें समुद्र में लगातार तलाश कर रही हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.