‘भ्रष्टाचारी जाएंगे जेल...’, PM मोदी ने बंगाल की जनता को दी ‘मोदी की 6 गारंटी’, ममता सरकार पर बोला बड़ा हमला
पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले प्रचार तेज हो गया है. पीएम मोदी ने हल्दिया रैली में 6 बड़ी गारंटियां देते हुए कहा कि बीजेपी सरकार आते ही भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी.
Follow Us:
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए अब 15 दिनों से भी कम का समय बचा है. ऐसे में राज्य में सियासी दलों ने अपनी पूरी ताकत के साथ जनता के बीच प्रचार अभियान को गति दिया है. ऐसे में राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी की बात करें तो पार्टी के प्रचार की कमान ख़ुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हाथों में ली है. इसके साथ ही पार्टी के तमाम दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्रियों की फौज भी युद्ध स्तर पर जमीनी दौरा करते हुए सत्ता में काबिज ममता सरकार को निशाने पर ले रही है. इसी कड़ी में गुरुवार को पीएम मोदी हल्दिया पहुंचे. यहां उन्होंने जनसभा के दौरान राज्य की जनता को 6 बड़ी 'मोदी गारंटियां' दीं और स्पष्ट तौर पर कहा कि बीजेपी की सरकार आते ही भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा.
रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर पीएम मोदी बेहद उत्साहित नजर आए. उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल की जनता ने हर चुनौती को पार करने और बदलाव लाने का मन बना लिया है. उनके मुताबिक यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि एक ऐसी लहर है जो सत्ता परिवर्तन का रास्ता तय करेगी. पीएम मोदी ने इसे बंगाल की खोई पहचान और सम्मान को वापस पाने की लड़ाई बताते हुए कहा कि अगर ‘विकसित बंगाल’ का सपना साकार करना है, तो सबसे पहले मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी होगा.
Haldia’s energy reflects a strong wave for change across West Bengal. People are placing their trust in the BJP. @BJP4Bengal https://t.co/uNp6tEPlf3
— Narendra Modi (@narendramodi) April 9, 2026
हल्दिया पहले देता था रोजगार
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि जब पूरा देश तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, तब टीएमसी की नीतियां बंगाल के विकास में रुकावट बन रही हैं. उन्होंने याद दिलाया कि एक समय बंगाल देश के उद्योग और व्यापार का मजबूत केंद्र था, लेकिन अब विकास की दौड़ में पीछे छूटता नजर आ रहा है. हल्दिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले यहां रोजगार के लिए लोग बाहर से आते थे, जबकि अब हालात ऐसे हैं कि यहां के युवाओं को काम की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ रहा है.
पीएम मोदी जनसभा के मंच से ममता सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि टीएमसी शासन में उद्योग-धंधे कमजोर पड़ गए हैं, जबकि अवैध गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं. उन्होंने हल्दिया का उदाहरण देते हुए कहा कि जो शहर कभी समृद्धि का प्रतीक था, वहां आज फैक्ट्रियां बंद होती नजर आ रही हैं. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बीते कुछ सालों में विकास की रफ्तार थम गई है. इसी के साथ उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर बीजेपी को मौका मिला तो राज्य की तस्वीर बदल दी जाएगी और इसके लिए उन्होंने छह अहम वादों को विस्तार से रखा.
मोदी की 6 बड़ी गारंटी
- कानून व्यवस्था होगी मजबूत: राज्य में फैले डर और अपराध के माहौल को खत्म कर सख्त कानून व्यवस्था लागू की जाएगी.
- जवाबदेह बनेगा सिस्टम: सरकारी तंत्र को इस तरह बदला जाएगा कि आम लोगों के काम तेजी से और पारदर्शिता के साथ पूरे हों.
- पुराने मामलों की होगी जांच: भ्रष्टाचार, घोटालों और महिलाओं के साथ हुए अपराधों से जुड़ी फाइलों को फिर से खोलकर कार्रवाई की जाएगी.
- भ्रष्टाचार पर कड़ा वार: जनता का पैसा हड़पने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा.
- अवैध घुसपैठ पर रोक: देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
- कर्मचारियों को मिलेगा लाभ: सरकारी कर्मचारियों के हित में कदम उठाते हुए सातवां वेतन आयोग लागू करने का वादा किया गया.
TMC ख़ाली 'PM' शब्द के चलते कर रही जनता का नुकसान
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि ‘पीएम मत्स्य संपदा योजना’ के चलते देश में मछली उत्पादन में तेज बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बिहार और असम जैसे राज्यों ने इस क्षेत्र में बड़ी प्रगति करते हुए उत्पादन लगभग दोगुना कर लिया है, लेकिन बंगाल के मछुआरे इस दौड़ में पीछे रह गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार केंद्र की योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर रही, क्योंकि उसे ‘PM’ शब्द से ही परहेज है. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजना, जो बुजुर्गों को मुफ्त इलाज का लाभ देती है, उसे भी राज्य में पूरी तरह लागू नहीं होने दिया जा रहा है. अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोगों की राजनीतिक नाराजगी इतनी बढ़ गई है कि वे ‘PM’ शब्द तक का विरोध करने लगे हैं, जबकि यह पद उन्हें संविधान और जनता के आशीर्वाद से मिला है. उन्होंने माहिष्य समुदाय का जिक्र करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करेगी और हर नागरिक को उसके अधिकार दिलाएगी. साथ ही उन्होंने कहा कि बंगाल में भी वही सुरक्षित और विकासशील माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी, जैसा अन्य बीजेपी शासित राज्यों में देखने को मिलता है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि बंगाल की सियासत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है. एक तरफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज है, तो दूसरी ओर जनता के बीच विकास और बदलाव के वादों की गूंज सुनाई दे रही है. आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि बंगाल की जनता किस दिशा में अपना फैसला सुनाती है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें