वर्दी-पिस्तल मिला है तो धौंस मत दिखाइए.., जानिए बिहार के DGP विनय कुमार ने किसे और क्यों दी यह सख्त चेतावनी
बिहार के डीजीपी (DGP) विनय कुमार ने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ शालीन व्यवहार करने की सख्त चेतावनी दी है. जानिए उन्होंने ऐसा क्यों कहा.
Follow Us:
बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने पुलिस डिपार्टमेंट को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वर्दी और पिस्टल मिला है तो रौब मत दिखाइए. पटना के सरदार पटेल भवन में घरेलू और जेंडर आधारित हिंसा पर आयोजित एक कार्यक्रम में DGP विनय कुमार ने महिला थानों की पुलिसकर्मियों पर नाराजगी जताई. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मी किसी पीड़ित से एरोगेंट लहजे में बात करता है, तो यह बहुत ही शर्मनाक है और ऐसे लोगों को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है.
पुलिसकर्मियों पर क्यों भड़के DGP विनय कुमार?
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में विनय कुमार ने मोतिहारी के एक मामले का जिक्र किया, जहां एक पीड़ित से रुपयों और गाड़ी की मांग की गई थी. इसका जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस का काम पीड़ितों को सुरक्षा का अहसास कराना है, न कि उन्हें प्रताड़ित करना. उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मी इस तरह का व्यवहार करता है तो “उसे डूब मरना चाहिए”.
युवाओं में बढ़ते गैंग कल्चर पर DGP ने क्या कहा?
डीजीपी (DGP) विनय कुमार ने आगे कहा कि आजकल के युवा सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर छोटे-छोटे समूह या गैंग बना रहे हैं. मोतिहारी में हाल ही में हुए छात्र हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आपसी विवाद और महिला मित्र से जुड़ी रंजिशों के कारण हिंसक घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की डिजिटल और सामाजिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखें.
पुलिस की कार्यशैली में बदलाव की दी चेतावनी
कार्यक्रम मे पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों को केवल वेतन के लिए काम करने की मानसिकता छोड़नी होगी. इसके अलावा उन्होंने कहा कि जेंडर आधारित अपराधों में केवल औपचारिकता पूरी करना खाफी नहीं है. उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि यौन उत्पीड़न के केवल 2% मामले ही पुलिस तक पहुंच पाते हैं.
जहानाबाद-सीतामढ़ी के मामलों का जिक्र कर पुलिस को दी नसीहत
यह भी पढ़ें
DGP ने जहानाबाद और सीतामढ़ी की घटनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जहानाबाद में एक परिवार ने बेटी की शादी में 50 लाख रूपये दहेज दिया था और बारात का इंतजार हो रहा था, लेकिन पता चला कि कि लड़का पहले से शादीशुदा है. इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में सीतामढ़ी एसपी के नरम रवैये पर भी सवाल उठाए. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पुलिस को महिला उत्पीड़न और धोखाधड़ी के जुड़े मामलों पर सख्त कार्रवाई करनी होगी.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें