Advertisement
अखिलेश यादव के जलभराव वाले पोस्ट पर वाराणसी के महापौर का पलटवार, कहा- काशी को बदनाम करने की साजिश
महापौर अशोक तिवारी ने वाराणसी की कई जगहों पर सीवर में बोरी और मलबा मिलने को बड़ी साजिश बताया. उन्होंने सख्त लहजे में कहा, CCTV से जिम्मेदारों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
Advertisement
काशी में जलभराव और गलियों के जलमग्न होने को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सियासत तेज हो गई है. अखिलेश यादव के ट्वीट में काशी में जलभराव की स्थिति को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद महापौर अशोक तिवारी ने पलटवार किया है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर जलभराव को लेकर चलाए जा रहे अभियान की परिस्थितियों की जांच कराए जाने की बात कही. उन्होंने अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनको बनारस के बारे में कम जानकारी है या उनका सूचना तंत्र काफी कमजोर है. बिना सही जानकारी के उनको सोशल मीडिया पर वीडियो साझा नहीं करना चाहिए.
सीवर पाइपलाइन में बोरी मिलने से जुड़ा मामला
Advertisement
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए महापौर ने कहा कि उन्हें इस तरह के छोटे राजनीतिक मामलों से बचना चाहिए। ऐसा तरीका नहीं अपनाया जाना चाहिए जिससे काशी की बदनामी हो. यह काशी की जनता का अपमान है. सीवर पाइपलाइन में बोरी मिलने के मामले में जलकल विभाग भेलूपुर थाने में केस दर्ज करवाया जा चुका है.
Advertisement
महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि पिछले करीब एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर काशी में जलजमाव, गलियों के जलमग्न होने और कई वार्डों में समस्याओं को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर ट्रेंड या अभियान चलाया जा रहा था. सोशल मीडिया पर जहां-जहां शिकायतें और वीडियो सामने आए, वहां अधिकारियों को भेजकर मौके की जांच कराई गई.
सीवर को बाधित करने वालों पर होगा एक्शन
Advertisement
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कई स्थानों पर सीवर को कूड़े-करकट और अन्य सामग्री से ढके जाने की बात सामने आई. कुछ स्थानों पर सीवर में बोरी भरकर डाली गई थी, जबकि कहीं प्लाई डालकर सीवर को ढक दिया गया था.
महापौर ने नवेद कॉम्प्लेक्स का भी उल्लेख किया. उन्होंने इसे अवैध बिल्डिंग बताते हुए कहा कि इसके नीचे से बड़ा नाला गुजरता है और उसके ऊपर निर्माण किया गया है. उनका कहना है कि नालों और सीवर की स्थिति की जांच कराई जा रही है, ताकि जलभराव के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. CCTV के इस दौर में यह पता लगाया जा सकता है कि सीवर में बोरी कब डाली गई? किसने डाली गई और इसके पीछे क्या वजह थी? उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने जांच के दौरान सीवर में बोरे डाले जाने और नाले में मलबा भरे होने की बात भी देखी है.
यह भी पढ़ें- काशी की छवि धूमिल करने की साजिश? सीवर लाइन में ठूंसी मिलीं बालू की बोरियां, अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज
Advertisement
यह भी पढ़ें
हालांकि, महापौर ने साफ किया कि इन गतिविधियों के लिए कौन जिम्मेदार है, इसका निर्णय जांच पूरी होने के बाद ही होगा. उन्होंने कहा, जलभराव को लेकर कोई समस्या है तो उसका समाधान कराने के लिए नगर निगम और जलकल लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन अगर जानबूझकर सीवर और नालों को बाधित किया गया है तो यह नगर निगम, जलकल और काशी की जनता की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली बात है.