Advertisement
योगी सरकार ने कांवड़ यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी, 9-10 अगस्त को पश्चिमी यूपी के सात जिलों में कांवड़ियों का होगा पुष्पवर्षा से स्वागत
उत्तर प्रदेश सरकार ने कांवड़ यात्रा को लेकर हर साल की तरह खास तैयारी कर ली है. 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी.
Advertisement
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष भी सावन कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और श्रद्धामय बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की है. इसी क्रम में 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी. इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है.
बागपत से मेरठ तक पहले दिन चार जिलों में पुष्पवर्षा
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 9 अगस्त को सुबह करीब 8 बजे हेलीकॉप्टर लखनऊ से बागपत के लिए रवाना होगा. सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक बागपत क्षेत्र में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी. इसके बाद सहारनपुर में 11:45 से 12:45 बजे तक श्रद्धालुओं का पुष्पों से स्वागत होगा. दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक मुजफ्फरनगर और शाम 3:45 से 4:30 बजे तक मेरठ में पुष्पवर्षा का कार्यक्रम निर्धारित है. पहले दिन हेलीकॉप्टर की कुल उड़ान अवधि 6 घंटे 10 मिनट रहेगी.
यह भी पढ़ें
दूसरे दिन गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर में होगा भव्य स्वागत
10 अगस्त को हेलीकॉप्टर मेरठ से उड़ान भरकर सुबह करीब 8:30 से 9:15 बजे तक गाजियाबाद में पुष्पवर्षा करेगा. इसके बाद 9:45 से 10:30 बजे तक हापुड़ और 11:15 से दोपहर 12 बजे तक बुलंदशहर में शिवभक्तों का फूल बरसाकर स्वागत किया जाएगा. सभी कार्यक्रम पूरे होने के बाद हेलीकॉप्टर दोपहर 12:30 बजे बुलंदशहर से लखनऊ के लिए रवाना होगा. दूसरे दिन कुल 3 घंटे 45 मिनट की उड़ान निर्धारित की गई है. पूरे अभियान की कुल उड़ान अवधि 9 घंटे 55 मिनट की होगी.