'उद्योग से लेकर जायका' तक दिखेगा UP का दम... CM योगी और गृह मंत्री शाह आज ग्रेटर नोएडा में करेंगे 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' का उद्घाटन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 आज से ग्रेटर नोएडा में शुरू हो रहा है. 29 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और लाखों कारोबारी व आम दर्शक शामिल होंगे.
Follow Us:
UP International Trade Show 2026: उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा कारोबारी और उत्पाद प्रदर्शन मंच 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026' आज यानी 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुरू हो रहा है. पांच दिनों तक चलने वाले इस बड़े आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. खास बात यह है कि इस बार ट्रेड शो का दायरा पहले से बड़ा है और इसमें कारोबार के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति, हस्तशिल्प और खान-पान की झलक भी देखने को मिलेगी.
2400 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल
यूपीआईटीएस 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक होगा. औद्योगिक विकास विभाग के मुताबिक, इस बार 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है. वहीं, 1.5 लाख से ज्यादा बीटूबी खरीदार और कारोबारी आगंतुक तथा 4.5 लाख से अधिक सामान्य दर्शक यहां पहुंच सकते हैं. आयोजन में 85 देशों के 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने की भी उम्मीद है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह आयोजन सिर्फ उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहने वाला है, बल्कि कारोबारियों के लिए नए बाजार और साझेदारी तलाशने का बड़ा मंच भी बनेगा.
छह पार्टनर देशों की भी भागीदारी
यूपीआईटीएस 2026 के चौथे संस्करण में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देश के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं. इन देशों की भागीदारी से व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, निवेश और नए बाजारों तक पहुंच के अवसर बढ़ने की उम्मीद है. आयोजन से पहले ही 72 देशों के विदेशी खरीदारों के पंजीकरण हो चुके हैं. एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और दूसरे कारोबारी प्रतिनिधियों को जोड़ा जा रहा है. बीटूबी मैचमेकिंग और बिजनेस सेशंस के जरिए खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच सीधे कारोबारी संवाद का मौका मिलेगा.
यह भी पढ़े: ब्रज की ‘दीदियों’ को मिला ग्लोबल मंच, UPITS 2026 में देश-विदेश के खरीदार देखेंगे उनके उत्पाद
96 लाख से ज्यादा MSME की ताकत
एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा है कि एमएसएमई उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं. ऐसे में यूपीआईटीएस स्थानीय कारोबारियों के लिए अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने, निवेश आकर्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने का जरिया बन सकता है. ट्रेड शो में कृषि, ऑटोमोबाइल, ईवी, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, हस्तशिल्प, फार्मा, मेडिकल उपकरण, पर्यटन, रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी और शिक्षा समेत कई क्षेत्रों की झलक देखने को मिलेगी.
कारोबार के साथ दिखेगा यूपी का स्वाद
इस आयोजन की एक खास बात उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और पाक विरासत भी है. ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को भी खास पहचान दी जा रही है. इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खान-पान को देश-दुनिया के सामने पेश किया जाएगा.
विजिटर्स के लिए क्या है समय?
बिजनेस विजिटर्स के लिए प्रवेश का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रखा गया है, जबकि आम जनता दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक ट्रेड शो में जा सकेगी. आम दर्शकों को सीधे पहुंचने के बजाय आधिकारिक वेबसाइट के जरिए फ्री विजिटर रजिस्ट्रेशन और पास प्राप्त करने की सलाह दी गई है. ऐसे में अगले पांच दिनों तक ग्रेटर नोएडा का इंडिया एक्सपो मार्ट कारोबार, निवेश, तकनीक, संस्कृति और यूपी के पारंपरिक स्वाद का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 उत्तर प्रदेश के कारोबार, उद्योग, संस्कृति और खान-पान को एक ही मंच पर दुनिया के सामने रखने का बड़ा मौका है. अगले पांच दिनों में यहां होने वाली कारोबारी गतिविधियों पर देश-विदेश के खरीदारों और उद्योग जगत की नजर रहेगी.