होमगार्ड भर्ती परीक्षा से पहले CM योगी की चेतावनी, नकल और अफवाहबाजों पर होगा सख्त एक्शन, दिए बड़े निर्देश
CM योगी ने कहा, परीक्षा की निष्पक्षता भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखी जाएगी.
Follow Us:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर से जुड़ी व्यवस्थाओं, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और कानून-व्यवस्था समेत कई अहम विषयों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की.
बैठक में उन्होंने 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों, जनसुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए.
CM योगी ने क्या निर्देश दिए?
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती परीक्षा पहली बार पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से आयोजित की जा रही है. अतः सभी संबंधित अधिकारी विशेष सतर्कता बरतें. जिन जनपदों में हाल ही में नए जिलाधिकारी तैनात हुए हैं, वे संबंधित मंडलायुक्त और एडीजी/आईजी स्तर के अधिकारियों के साथ समुचित समन्वय सुनिश्चित करें.
CM योगी ने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा. परीक्षा की निष्पक्षता भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए. सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. बैठक में अवगत कराया गया कि प्रदेश के 74 जनपदों में 41,424 होमगार्ड स्वयंसेवक पदों के लिए परीक्षा तीन दिनों में, दो पालियों में आयोजित की जाएगी.
परीक्षा केंद्रो पर रखा जाएगा अभ्यर्थियों का ध्यान
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर ठंडे पानी की व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और परीक्षार्थियों को अनावश्यक रूप से धूप में प्रतीक्षा न कराने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए. जिला प्रशासन सभी परीक्षा केंद्रों का पहले दौरा कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें.
लॉ एंड ऑर्डर बिगाड़ने वालों पर CM योगी सख्त
कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ जनपदों से ऐसे संकेत प्राप्त हुए हैं, जहां अराजक तत्वों ने जातीय तनाव/संघर्ष भड़काने का प्रयास किया जा रहा है. सभी अधिकारी अत्यंत सतर्क रहें और किसी भी स्थिति के उत्पन्न होने से पूर्व ही प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें.
मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में कुछ क्षेत्रों में औद्योगिक अशांति उत्पन्न करने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि यद्यपि वर्तमान में स्थिति सामान्य है, तथापि आगामी 30 अप्रैल से 02 मई के मध्य पुनः ऐसे प्रयास किए जाने की आशंका है. प्रदेश में औद्योगिक अशांति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और ऐसी कुत्सित कोशिशों को सख्ती से विफल किया जाएगा. भीषण गर्मी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सभी बारूद गोदामों और आतिशबाजी कारखानों का विशेष निरीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की संभावना को खत्म किया जा सके. साथ ही सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित हो.
CM योगी ने प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन में किसी प्रकार का अनावश्यक पैनिक न हो. आपूर्ति और वितरण पूरी तरह सामान्य है. इस संबंध में समय-समय पर जनसामान्य को अवगत कराया जाए. सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक कर आपूर्ति और वितरण की समीक्षा करें. नेपाल सीमा से सटे जनपदों में कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए.
स्मार्ट बिजली मीटर पर CM योगी ने क्या कहा?
यह भी पढ़ें
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि स्मार्ट बिजली मीटर के संबंध में उठ रही आशंकाओं के समाधान हेतु विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त होगी. इस बीच, सभी जिलों में विद्युत वितरण निगम/पावर कॉर्पोरेशन द्वारा फीडर-वार एक सप्ताह के विशेष शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया जाए. इन शिविरों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता भी सुनिश्चित की जाए.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें