भारतीय नौसेना में तैनात ISI का जासूस आगरा से गिरफ्तार, वर्दी की आड़ में कर रहा था देश से गद्दारी!
गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के बाद उत्तर प्रदेश एटीएस ने ISI के लिए कथित जासूसी करने के आरोप में आगरा से आदर्श कुमार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने आगरा में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए जासूसी करने के संदेह में एक युवक को हिरासत में लिया है. आरोपी की पहचान आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र के चीतापुर गांव निवासी 24 वर्षीय आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है. एटीएस ने आरोपी आदर्श कुमार को 10 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
जासूसी का कैसे हुआ खुलासा?
एटीएस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में है और देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा है. इन इनपुट के आधार पर एजेंसी ने तकनीकी और जमीनी स्तर पर निगरानी शुरू की. गहन जांच के दौरान आगरा के आदर्श कुमार की संलिप्तता के प्रमाण सामने आए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पाकिस्तानी एजेंटों को मुहैया कराता था सीक्रेट जानकारी
एटीएस के अनुसार, आरोपी ने सैन्य गोपनीय जानकारी जैसे- युद्धपोतों की स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधियों से जुड़ी तस्वीरें और डेटा पाकिस्तानी एजेंटों को मुहैया कराता था. एटीएस ने आदर्श के पास से कई डिजिटल सबूत भी बरामद किए हैं. फिलहाल, अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि वह और किन-किन लोगों के संपर्क में था और इस जासूसी नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं.
भारतीय नौसेना में तैनात था आरोपी
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी आदर्श कुमार उर्फ लकी भारतीय नौसेना में लांस नायक के पद पर दक्षिणी नेवल कमांड, कोच्ची में तैनात था. भारतीय नौसेना में फरवरी 2020 में इसकी भर्ती हुई थी. उसकी शादी 19 फरवरी को मथुरा जिले में हुई थी. शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने दुबई गया था. वहीं, एटीएस अब आदर्श के दुबई कनेक्शन को भी खंगाल रही है.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
यह भी पढ़ें
आपको बता दें कि ठोस सबूत मिलने के बाद ATS ने 10 मार्च 2026 को आदर्श कुमार को गिरफ्तार किया और गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत के सामने पेश किया. अदालत ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. एटीएस के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां राष्ट्रविरोधी पाई गई हैं और उसके पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क से जुड़े होने के स्पष्ट संकेत मिले हैं. मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें