Advertisement
जेल से छूटने के बाद दबंगों ने टोल प्लाजा पर कटा बवाल, बैरियर तोड़-कर्मचारियों को पीटा, पुलिस का बड़ा एक्शन
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जो गौतमबुद्ध नगर लुहारली टोल प्लाजा का बताया जा रहा है जिसमे बताया ये जा रहा है कि कुछ दबंग जेल से छूटने के बाद अपने समर्थकों के साथ लुहारली टोल प्लाजा पहुचे और वहां जमकर हंगामा कर रहे है.
Advertisement
गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. बुलंदशहर जेल से कुछ लोगों के छूटने के बाद उनके समर्थकों का काफिला जब लुहारली टोल प्लाजा पहुंचा तो वहां जमकर हंगामा हुआ.
दबंगों ने टोल प्लाजा पर काटा आतंक
आरोप है कि कई गाड़ियों में सवार दबंग बिना टोल शुल्क दिए ही आगे बढ़ने लगे और विरोध करने पर टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई. पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई वाहनों का काफिला हूटर बजाते हुए टोल प्लाजा पहुंचा. टोल कर्मचारियों ने जब नियमानुसार टोल शुल्क जमा करने के लिए कहा तो वाहन सवार लोगों ने दबंगई दिखानी शुरू कर दी.
Advertisement
आरोप है कि उन्होंने टोल बैरियर को तोड़ते हुए जबरन वाहनों को निकाल लिया. इस दौरान कर्मचारियों द्वारा विरोध किए जाने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई, जिससे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
Advertisement
पुलिस ने टोल मैनेजर की तहरीर पर दर्ज किया मामला
पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 10 जून को थाना दादरी क्षेत्र के अंतर्गत लुहारली टोल प्लाजा पर 5 से 6 गाड़ियां बिना टोल दिए निकलने का प्रयास कर रही थीं. टोल कर्मियों द्वारा रोके जाने पर वाहन सवार व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की. पुलिस ने टोल मैनेजर की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
Advertisement
दो आरोपियों को पुलिस ने किया हिरासत में
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में इस्तेमाल दो वाहनों, एक स्कॉर्पियो और एक ब्रेजा, को कब्जे में ले लिया गया है. इसके अलावा मामले में नामजद और प्रकाश में आए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.