WhatsApp का नया अपडेट करेगा कमाल, Scheduled Messages फीचर से बदलेगा चैटिंग का अंदाज
WhatsApp New Update: इस फीचर की मदद से आप पहले से ही कोई मैसेज टाइप करके रख सकेंगे और उसके भेजने का दिन और समय तय कर सकेंगे. जैसे ही वह तय किया गया समय आएगा, मैसेज अपने आप सामने वाले व्यक्ति या ग्रुप में भेज दिया जाएगा.
Follow Us:
WhatsApp New Update: दुनिया की सबसे पॉपुलर मैसेजिंग ऐप WhatsApp पर यूज़र्स लंबे समय से एक खास फीचर का इंतज़ार कर रहे थे, मैसेज शेड्यूल करने का फीचर. अब खबरें आ रही हैं कि कंपनी इस पर काम कर रही है. इस फीचर की मदद से आप पहले से ही कोई मैसेज टाइप करके रख सकेंगे और उसके भेजने का दिन और समय तय कर सकेंगे. जैसे ही वह तय किया गया समय आएगा, मैसेज अपने आप सामने वाले व्यक्ति या ग्रुप में भेज दिया जाएगा.
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए बहुत काम का साबित होगा जो बर्थडे, एनिवर्सरी या किसी खास मौके पर ठीक 12 बजे विश करना चाहते हैं, लेकिन कई बार भूल जाते हैं या उस समय व्यस्त रहते हैं. अब आपको देर रात तक जागने की जरूरत नहीं पड़ेगी और न ही अलार्म लगाने की.
Wabetainfo की रिपोर्ट में हुआ खुलासा
Wabetainfo, जो WhatsApp के नए और आने वाले फीचर्स को ट्रैक करने के लिए जानी जाती है, उसने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि “Scheduled Messages” नाम के फीचर पर टेस्टिंग चल रही है. यह टेस्टिंग फिलहाल TestFlight बीटा प्रोग्राम के जरिए की जा रही है.
Wabetainfo ने इस फीचर की एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि यूज़र्स को मैसेज शेड्यूल करने का विकल्प मिलेगा. हालांकि अभी यह फीचर पूरी तरह से तैयार नहीं है और डेवलपमेंट स्टेज में है. यानी आम यूज़र्स तो क्या, बीटा यूज़र्स के लिए भी इसे अभी तक जारी नहीं किया गया है.
कैसे काम करेगा यह फीचर?
रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर इस्तेमाल करना काफी आसान होगा. यूज़र पहले की तरह मैसेज टाइप करेंगे. उसके बाद उन्हें एक नया ऑप्शन मिलेगा, जहां वे मैसेज भेजने की तारीख और समय सेट कर सकेंगे.
मान लीजिए आपको किसी दोस्त को उसके जन्मदिन पर रात 12 बजे शुभकामनाएं भेजनी हैं. आप पहले से ही मैसेज लिखकर रख देंगे और 12:00 AM का समय चुन लेंगे. जैसे ही घड़ी में 12 बजेंगे, मैसेज अपने आप भेज दिया जाएगा.
इसके अलावा, यूज़र यह भी देख सकेंगे कि उन्होंने कितने मैसेज शेड्यूल करके रखे हैं जो अभी तक भेजे नहीं गए हैं. इससे उन्हें अपने प्लान किए हुए मैसेज की पूरी जानकारी मिलती रहेगी.
पर्सनल और ग्रुप चैट दोनों में मिलेगा फायदा
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि यह फीचर सिर्फ एक-एक व्यक्ति की चैट तक सीमित नहीं रहेगा. यह पर्सनल चैट और ग्रुप चैट दोनों में काम करेगा.
यानी अगर आप किसी ऑफिस ग्रुप में मीटिंग की याद दिलाने वाला मैसेज सही समय पर भेजना चाहते हैं, तो आप उसे पहले से शेड्यूल कर सकते हैं इसी तरह फैमिली ग्रुप में किसी त्योहार की बधाई भी पहले से सेट की जा सकती है .यह फीचर खासकर बिजनेस यूज़र्स और प्रोफेशनल्स के लिए बहुत मददगार हो सकता है.
iOS बीटा वर्जन पर आया नजर
जानकारी के मुताबिक, यह फीचर iOS के बीटा वर्जन 26.7.10.72 में देखा गया है. इसका मतलब है कि फिलहाल इसकी टेस्टिंग iPhone यूज़र्स के लिए की जा रही है. आने वाले समय में इसे Android और बाकी प्लेटफॉर्म पर भी लाया जा सकता है.
फिलहाल कंपनी ने आधिकारिक रूप से लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आने वाले अपडेट्स में यह फीचर सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा. WhatsApp का यह नया Scheduled Messages फीचर लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है और रोजमर्रा की जिंदगी को थोड़ा आसान बना सकता है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement