डेटा खत्म होने की टेंशन खत्म, 16 रुपये में मिलेगा 4GB इंटरनेट, देश का सबसे सस्ता डेटा पैक
BSNL: भारत की कई टेलीकॉम कंपनियां 1 दिन की वैलिडिटी वाले सस्ते डेटा वाउचर देती हैं. इनमें कम कीमत में अतिरिक्त इंटरनेट डेटा मिल जाता है. नीचे हम अलग-अलग कंपनियों के ऐसे ही सस्ते डेटा पैक के बारे में बता रहे हैं.
BSNL Recharge Plans: कई बार ऐसा होता है कि हमारा रोज़ का इंटरनेट डेटा काम खत्म होने से पहले ही खत्म हो जाता है. खासकर जब हमें तुरंत कोई जरूरी काम करना हो, जैसे ऑनलाइन मीटिंग, पढ़ाई, वीडियो देखना या जरूरी फाइल डाउनलोड करना. ऐसे समय में लोग सस्ता एक्स्ट्रा डेटा पैक तलाशते हैं ताकि कम पैसे में थोड़ी देर के लिए इंटरनेट चल सके. अच्छी बात यह है कि भारत की कई टेलीकॉम कंपनियां 1 दिन की वैलिडिटी वाले सस्ते डेटा वाउचर देती हैं. इनमें कम कीमत में अतिरिक्त इंटरनेट डेटा मिल जाता है. नीचे हम अलग-अलग कंपनियों के ऐसे ही सस्ते डेटा पैक के बारे में बता रहे हैं.
BSNL का सबसे सस्ता डेटा पैक
BSNL अपने ग्राहकों के लिए काफी सस्ता डेटा वाउचर देता है. कंपनी का 16 रुपये वाला डेटा पैक देश के सबसे सस्ते पैकों में से एक माना जाता है। इस प्लान की वैलिडिटी 1 दिन की होती है और इसमें कुल 4GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है. अगर कीमत के हिसाब से देखें तो इसमें 1GB डेटा सिर्फ 4 रुपये में पड़ता है, जो दूसरी कंपनियों की तुलना में काफी सस्ता है.
जब यह 4GB डेटा खत्म हो जाता है, तब भी इंटरनेट बंद नहीं होता बल्कि उसकी स्पीड कम होकर लगभग 40Kbps रह जाती है. यानी जरूरी मैसेज या हल्का-फुल्का ब्राउज़िंग फिर भी की जा सकती है. कम कीमत में ज्यादा डेटा देने की वजह से यह पैक उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जिन्हें एक दिन के लिए ज्यादा इंटरनेट चाहिए.
Airtel का सबसे सस्ता डेटा पैक
Airtel भी अपने यूजर्स के लिए कई तरह के डेटा वाउचर देता है. कंपनी का 1 दिन की वैलिडिटी वाला सबसे सस्ता पैक 22 रुपये का है। इस पैक में ग्राहकों को 1GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है. अगर इसे BSNL के पैक से तुलना करें तो यह थोड़ा महंगा पड़ता है क्योंकि यहां 1GB डेटा के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं.
इसके अलावा Airtel के पास 26 रुपये में 1.5GB डेटा और 33 रुपये में 2GB डेटा वाला पैक भी मौजूद है. वहीं 49 रुपये का एक खास पैक भी मिलता है जिसमें अनलिमिटेड डेटा मिलता है, लेकिन इसमें 20GB तक ही हाई-स्पीड इंटरनेट मिलता है. उसके बाद स्पीड घटकर करीब 64Kbps रह जाती है. इसलिए जिन लोगों को थोड़े समय के लिए ज्यादा डेटा चाहिए, उनके लिए यह प्लान उपयोगी हो सकता है.
Jio का सबसे सस्ता डेटा पैक
Reliance Jio भी अपने ग्राहकों को 1 दिन की वैलिडिटी वाले एक्स्ट्रा डेटा प्लान देता है. कंपनी का सबसे सस्ता डेटा वाउचर 19 रुपये का है, जिसमें 1GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है. यह उन यूजर्स के लिए अच्छा विकल्प है जिनका रोज़ का डेटा जल्दी खत्म हो जाता है और उन्हें थोड़े समय के लिए अतिरिक्त इंटरनेट चाहिए.
इसके अलावा Jio के पास 49 रुपये का एक डेटा पैक भी है, जिसमें अनलिमिटेड इंटरनेट दिया जाता है। हालांकि इसमें 25GB तक ही हाई-स्पीड डेटा मिलता है. इसके बाद इंटरनेट स्पीड घटकर करीब 64Kbps रह जाती है। अगर कीमत के हिसाब से देखा जाए तो इस प्लान में 1GB हाई-स्पीड डेटा की लागत लगभग 1.96 रुपये पड़ती है, जो काफी किफायती माना जाता है.
Vi का सबसे सस्ता डेटा पैक
Vodafone Idea यानी Vi भी 1 दिन की वैलिडिटी वाले कई डेटा वाउचर देता है. कंपनी का सबसे सस्ता डेटा पैक 23 रुपये का है, जिसमें 1GB डेटा मिलता है. यह उन लोगों के लिए बनाया गया है जिन्हें सिर्फ थोड़े समय के लिए अतिरिक्त इंटरनेट चाहिए.
Vi के पास 26 रुपये में 1.5GB डेटा और 44 रुपये में 1GB डेटा वाला पैक भी है. खास बात यह है कि 44 रुपये वाले पैक के साथ 1 महीने का मुफ्त JioHotstar मोबाइल सब्सक्रिप्शन भी दिया जाता है. इसके अलावा 49 रुपये का एक अनलिमिटेड डेटा पैक भी है, जिसमें 20GB तक हाई-स्पीड इंटरनेट मिलता है और उसके बाद स्पीड घटकर 64Kbps रह जाती है.
अगर सिर्फ सबसे सस्ते डेटा पैक की बात करें तो फिलहाल BSNL का 16 रुपये वाला प्लान सबसे किफायती माना जा रहा है, क्योंकि इसमें 1 दिन के लिए 4GB डेटा मिलता है. वहीं बाकी कंपनियां भी 1 दिन की वैलिडिटी वाले कई डेटा वाउचर देती हैं, लेकिन उनकी कीमत थोड़ी ज्यादा है. इसलिए एक्स्ट्रा डेटा खरीदते समय अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सही प्लान चुनना बेहतर रहता है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement